छह दिसम्बर की तैयारी ऐसी, परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर

(अनुराग शुक्ला )
मथुरा (अनुराग दर्शन समाचार)। छह दिसम्बर को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। तैयारी ऐसी है कि परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा। सोशल मीडिया से लेकर एंटी सोशल गतिविधियों पर खुफिया विभाग की पैनी नजर है। आलाधिकारी लगातार समीक्षा कर रहे हैं। शनिवार को पुलिस लाइन में डीएम, एसएसपी की निगरानी में सुरक्षाबलों ने दंगा नियंत्रण पूर्वाभ्यास किया। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाही शुरू हो गई है। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कोतवाली व थाना गोविंद नगर में चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं। यह मुकदमे खाता धारकों के खिलाफ दर्ज हुए हैं। एसपी सिटी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि थाना गोविंद नगर में फजल हुसैन ट्विटर खाता के खिलाफ दर्ज हुआ है। इसके अलावा इसी थाने में कृष्णा 29892392 ट्विटर, कोतवाली में समीर दुर्रानी फेसबुक अकाउंट, पीडी अग्रवाल/प्रियदर्शन मथुरा मस्जिद ट्विटर अकाउंट के खिलाफ दर्ज हुआ है। आगरा जोन से पुलिस बल आ गया है। जिसमें चार एससपी, 10 सीओ, 40 इंस्पेक्टर एसएचओ, 230 दरोगा, एक हजार सिपाही तथा 10 कंपनी, पैरामिलिट्री फोर्स तैनात किया जा रहा है। 2100 पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान धार्मिक स्थल के आसपास तैनात किए गए हैं। शहर में जोनल और सेक्टर स्कीम लागू कर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। शहर को दो सुपर जोन, चार जोन और आठ सेक्टर में बांटा गया है। शुक्रवार को हुई जुमे की जन्म के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था बेहद चुस्त दुरूस्त रही थी। हालांकि छह दिसम्बर को कार्यक्रम करने की घोषणा करने वाले कई संगठनों ने अपने घोषणा वापस ले ली है।
आम जनता में सुरक्षा का भाव जाग्रत करने और अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाही करते हुए पुलिस लाइन में एंटी राइड ड्रिल की गई। आने वाले दिनों में जनपद में शांति बनाए रखने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन द्वारा सभी प्रयास किए जा रहे हैं। जनता का सहयोग निरंतर प्राप्त हो रहा है। कोई भी व्यक्ति यदि किसी तरह की कोई अराजगता फैलाता है या किसी तरह से लॉ एण्ड आर्डर को बिगाडने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ बहुत की कठोर और वैधानिक कार्रवाही की जाएगी।




