पेट्रोल डीजल और रसोई की बढ़ी कीमतों के खिलाफ गरजे कांग्रेसी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और अन्य चीजों के दामों में हो रही बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल शुरू हो गया है। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता ‘महंगाई मुक्त भारत’ नाम से देशव्यापी प्रदर्शन कर रहे हैं। ब्रस्पतिवार को सिविल लाइन्स स्थित धरना स्थल पर जुटे जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियो ने रसोई गैस सिलेंडर पर नींबू मिर्च की माला और मोटरसाइकिल पर फूल की माला चढ़ाकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। विरोध कर रहे नेताओ ने ‘चुनाव खत्म, लूट चालू’ के नारे भी लगाए। गंगापार जिलाध्यक्ष सुरेश यादव ने कहा कि पिछले 10 दिनों में 9 बार पेट्रोल डीज़ल के दाम बढ़ाए गए हैं। इसकी मार मध्यम वर्ग और गरीब लोगों पर पड़ रही है। प्रदेश महासचिव मुकुन्द तिवारी और विवेकानंद पाठक ने कहा कि जब पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ते हैं, तब हर चीज़ के दाम बढ़ते हैं। जब दुनिया में कच्चे तेल के दाम सबसे कम थे, तब भी मोदी सरकार पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ा रही थी। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता हसीब अहमद ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान 137 दिनों तक कोई बढ़ोतरी नहीं हुई, अब चुनाव खत्म होते ही धड़ल्ले से दाम बढ़ाए जा रहे हैं। कांग्रेस ने तीन चरणों में ‘महंगाई मुक्त भारत अभियान’ चलाने का ऐलान किया है। पहला चरण 31 मार्च से 7 अप्रैल तक चलेगा, दूसरे चरण में 2 से 4 अप्रैल तक विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। अंतिम चरण 7 अप्रैल तक चलेगा। इसी तरह 2 से 4 अप्रैल के बीच जिला मुख्यालय पर जिला और शहर कांग्रेस कमेटियां महंगाई मुक्त भारत धरना और मार्च करेंगी।
इस दौरान सुरेश यादव, विवेकानंद पाठक, मुकुन्द तिवारी, संजय तिवारी, उज्वल शुक्ला, मो० शहाब, हसीब अहमद, अनिल पाण्डेय, आशीष पाण्डेय, मनोज पासी, राकेश पटेल, गुलाब यादव, इश्तेयाक अहमद, नागेंद्र मिश्रा, इरशाद उल्ला, निशांत रस्तोगी समेत आदि लोग मौजूद रहे।

