Latestअतीतदेशप्रदेश

CM योगी ने दिया अखिलेश को जवाब, बोले- पीड़ितों के जख्म पर न छिड़कें नमक

उत्तर प्रदेश में आगरा समेत कई जिलों में बवंडर से हुई 73 लोगों के मौत के मामले में जहां एक तरफ समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर्नाटक दौरे पर सवाल खड़ा किया था. इसी कड़ी में शनिवार को अखिलेश यादव के जवाब पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस मसले पर सियासत हो रही है, जो कि गलत है. समाजवादी पार्टी को कुछ संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और पीड़ितों के जख्मों पर मरहम लगाना चाहिए ना कि नमक छिड़कने का काम करना चाहिए.

वहीं योगी आद‍ित्‍यनाथ ने आगरा के फतेहाबाद में तूफान से प्रभावित लोगों को चेक बांटा. मरने वालों के पर‍िजनों को 4 लाख रुपये का मुआवजा द‍िया गया. घायलों को अस्‍पताल में फ्री इलाज करवाने का वादा किया गया. वहीं योगी ने प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण भी किया.

बता दें कि इससे पहले अखिलेश ने ट्वीट कर कहा था कि जनता त्राहि-त्राहि कर रही है और मुख्यमंत्री कर्नाटक में पार्टी का प्रचार करने में व्यस्त हैं. अखिलेश ने अपने ट्वीट में लिखा है, “सीएम को कर्नाटक का चुनाव प्रचार छोड़कर तुरंत यूपी वापस आना चाहिए था. जनता ने उन्हें अपने प्रदेश की समस्याओं के समाधान के लिए चुना है, न कि कर्नाटक की राजनीति के लिए. इन हालातों में भी अगर वो वापस नहीं आते हैं, तो फिर वो हमेशा के लिए अपना मठ वहीं बना लें.”

गौरतलब है कि बुधवार को आये तूफान में सूबे में 73 लोगों की मौत हुई है जबकि 91 लोग घायल हैं. इस तूफ़ान में सबसे ज्यादा प्रभावित आगरा मंडल ही है. यहां 43 लोगों की जान गई है जबकि 51 घायल हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button