बाबा साहेब के सम्मान में रन फार डा. अम्बेडकर दौड़ सम्पन्न

बालक में सनी और बालिका में नीतू रहे प्रथम
रन अप पांच विजयी व सभी धावको को 14 अप्रैल को किया जाएगा सम्मानित
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। देवपती मेमोरियल ट्रस्ट और प्रबुद्ध फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ज्ञान के प्रतीक राष्ट्रनायक बोधिसत्व बाबासाहेब डॉ. भीमराव रामजी अम्बेडकर के 131वें जन्म दिवस के अवसर एवं डा. अम्बेडकर के सम्मान में अम्बेडकर माह के प्रथम रविवार को प्रातः 07 बजे से हाईकोर्ट स्थित डा. अम्बेडकर मूर्ति स्थल से पत्थर चर्च गिरजाघर, सुभाष चौराहा, पीडी टण्डन पार्क चौराहा से प्रयागराज संगीत समिति चौराहा, हार्ट स्टफ चौराहा, प्रधान डाक घर चौराहा होते हुए अपने उद्द्गम स्थल हाईकोर्ट स्थित बाबा साहेब डा. अम्बेडकर मूर्ति स्थल तक “रन फार डा. अम्बेडकर दौड़-2022” का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक (अपराध) सतीश चन्द्र ने पंचशील का झण्डा दिखाकर दौड़ का शुभारम्भ किया। उक्त अवसर पर उन्होंने दौड़ प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों से कहा कि डॉक्टर अम्बेडकर सभी के लिए प्रेरणास्रोत है उनके विचारों को आत्मसात करने वाला व्यक्ति समानता व न्याय का पक्षधर बन जाता है जो मानव, समाज व राष्ट्र के लिए हितकर है। एसपी क्राइम ने उपस्थित लोगों से डॉक्टर अम्बेडकर के बारे में अध्ययन का आह्वान किया। रविवार को आयोजित रन फार डॉक्टर अम्बेडकर दौड़-2022 के बारे में जानकारी देते हुए कार्यक्रम के संयोजक उच्च न्यायालय के अधिवक्ता रामबृज गौतम ने बताया कि इस दौड़ में बालक वर्ग में शनि निषाद प्रथम, दिनेश यादव द्वितीय व दूधनाथ तृतीय तथा बालिका वर्ग में नीतू प्रथम व राखी निषाद द्वितीय धावक रन अप विजयी हुये। आगामी 14 अप्रैल को हाईकोर्ट स्थित डा. अम्बेडकर मूर्ति स्थल के सामने वाली सड़क पर लगने वाले “समानता के संघर्ष का डा. अम्बेडकर मेला-2022” में “रन फार डा. अम्बेडकर दौड़-2022” के विजयी धावकों को क्रमशः रुपया पांच, चार, तीन, दो और एक हजार की नकद राशि के साथ स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।



