गंगा दशहरा 9 जून को, इस बार विशेष शुभ संयोग

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को गंगा दशहरा मनाया जाता है। हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार, इस दिन मां गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था। गंगा दशहरा पर हर साल लाखों लोग गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाते हैं। आचार्य सोनू जी महाराज के मुताबिक गंगा दशहरा पर दशमी तिथि 9 जून को सुबह 8 बजकर 23 मिनट से 10 जून को सुबह 7 बजकर 27 मिनट तक रहेगा। इस दौरान गंगा स्नान करना पुण्यदायी माना जाता है। अगर गंगा स्नान करना संभव ना हो तो नहाने के पानी में गंगाजल मिलाकर भी स्नान कर सकते हैं। इस बार का गंगा दशहरा कई मायनों में खास है। मां गंगा के अवतरण दिवस यानी गंगा दशहरा के दिन ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति बेहद शुभ रहने वाली है। इस दिन 4 शुभ संयोग बन रहे हैं। इस दिन सूर्य देव और बुध ग्रह वृषभ राशि में मौजूद रहेंगे, जिस कारण बुधादित्य योग बनेगा। इसके साथ ही इस दिन रवि योग का शुभ संयोग, हस्त नक्षत्र का शुभ संयोग इसके अलावा व्यतिपात योग का भी निर्माण हो रहा है। हस्त नक्षत्र में मां गंगा का अवतरण हुआ था। ऐसे में गंगा दशहरा के दिन यह योग बनना अत्यंत शुभ माना जा रहा है। गंगा दशहरा के दिन पवित्र गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाने का विधान है। डुबकी लगाते समय ‘ऊँ नमः शिवायै नारायण्यै दशहरायै गंगायै नमः’ मंत्र का उच्चारण जरूर करें। गंगा दशहरा के दिन दान करने का विशेष महत्व बताया गया है। इस दिन दान-धर्म के कार्य करना बहुत ही शुभ माना जाता है।




