FEATUREDदेश

पुराने शिक्षक अपने अनुभव नए शिक्षकों और छात्रों को दें: कुलपति

इविवि में सेवानिवृत्त सत्रह शिक्षकों को कुलपति ने सम्मानित किया

प्रयागराज (अनुरागदर्शन समाचार )। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में गुरुवार को पिछले सत्र में रिटायर हुए 17 शिक्षकों को नार्थ हॉल में आयोजित एक समारोह में कुलपति ने सम्मानित किया। कहाकि विश्वविद्यालय एक बदलाव के दौर से गुजर रहा है। जहां एक तरफ नए शिक्षक आ रहे हैं, वहीं कई विभाग ऐसे हैं जहां कोई पुराना शिक्षक नहीं हैं। ऐसी स्थिति में पुराने शिक्षक विभाग में आकर कक्षाएं लें और अपने अनुभव और विश्वविद्यालय के विरासत से नए शिक्षकों और छात्रों को दें।
कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि छात्रों को भी परीक्षा देकर पास करनी होगी, ताकि वे इस महान संस्था के छात्र होने के काबिल खुद को साबित कर सकें। उन्होंने शिक्षकों से आवाहन किया कि वे विश्वविद्यालय संकुल में आकर छात्रों को विद्या का दान दें। क्योंकि इससे बढ़कर कोई दान नहीं होता और अपने विस्तृत ज्ञान और अनुभव साझा करें।
इस अवसर पर प्रो. हेरम्ब चतुर्वेदी ने कहा कि विश्वविद्यालय हमारी आत्मा में बसता है और हम इससे खुद को अलग नहीं समझते हैं। प्रो. राजाराम यादव ने अपने अनुभव बांटते हुए कहा कि गुरुओं की श्रेष्ठ परम्परा विश्वविद्यालय में रही है, जिसमें छात्र माता-पिता से ज्यादा शिक्षक के सम्मान करते थे। संस्कृत विभाग के शिक्षकों डॉ. रेनू कोछड़ शर्मा, डॉ. प्रतिभा आर्य, डॉ. रजनी गोस्वामी, डॉ. नन्दिनी रघुवंशी ने मंगलाचरण और श्रद्धा सूक्त का वाचन किया। कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग की डॉ. जया कपूर और डॉ. प्रतिमा चैतन्य ने किया।

*बिना परीक्षा के छात्र प्रमोट नहीं होंगे : कुलपति*

इसके कुलपति ने सभी विभागाध्यक्षों के साथ विभिन्न विभागों में कोर्स की स्थिति पर समीक्षा बैठक की। सभी विभागाध्यक्षों ने कहा कि उनके विषय के 80 प्रतिशत से ज्यादा कोर्स पूरा कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कक्षाएं शुरू हो गयी हैं और अगले दो हफ्तों में कोर्स पूरा हो जाएगा। कुलपति ने छात्रों से कहा है कि वे अपनी कक्षाओं में वापस जाएं और अपने कोर्स पूरे कर परीक्षाएं दें। बिना परीक्षा के कोई छात्र प्रमोट नहीं किये जायेंगे।

Related Articles

Back to top button