Latestइलाहाबाद समाचारकुंभगंगा तट सेमेला समाचार

विहंगम संगम देख अभिभूत हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

प्रयागराज। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गुरुवार को पतितपावनी गंगा, श्यामल यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम को देख अभिभूत हो गए। कुंभ का वैभव देखने आए देश के प्रथम नागरिक  क्रूज से संगम पहुँचे। उनके साथ उनकी पत्नी सविता कोविंद भी हैं। राष्ट्रपति ने आधा घंटा तक गंगा और यमुना में सैर की। कोविंद कुंभ आने वाले वह देश के दूसरे राष्ट्रपति हैं। उनके पहले देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद वर्ष 1953 में कुंभ मेला आए थे और संगम में पुण्य की डुबकी लगाई थी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज कुंभ मेला क्षेत्र में हैं। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति पिछले साल माघ मेले में भी परिवार के साथ आए थे। 

राष्ट्रपति सुबह 9.35 बजे वायुसेना के विशेष वायुयान से बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे, जहां राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्प गुच्छ भेंटकर महामहिम का स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, पर्यटन मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी, नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी और महापौर अभिलाषा गुप्ता भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहीं। वहां से महामहिम तीन हेलीकाप्टर से कुंभ मेला के डीपीएस ग्राउंड अरैल स्थित  हेलीपोर्ट पहुंचे। फिर कार से वह क़िला के पास वीआइपी घाट पहुंचे। वहां से क्रूज से वह संगम तक गए। 

कुंभ सकुशल संपन्न होने की कामना की

राष्ट्रपति त्रिवेणी पूजा करने के लिए संगम नोज पर बनाई गई जेटी पर गए। वहां दोपहर सपरिवार संगम नोज पर गंगा पूजन किया। पुरोहितों की अगुवाई में आरती उतारी। महामहिम ने त्रिवेणी पूजन दर्शन कर कुंभ के सफल आयोजन की कामना की। 

भारद्वाज मुनि प्रतिमा का अनावरण

राष्ट्रपति सुबह भारद्वाज आश्रम पहुंचकर मुनि की प्रतिमा का अनावरण,  संगम में त्रिवेणी दर्शन-पूजन, पुजारी दीपू मिश्रा 21 बटुकों के साथ पूजा-पाठ, किला स्थित वीआइपी घाट की जेटी से 21 मोटर बोट से संगम दर्शन और मूल अक्षयवट के दर्शन कार्यक्रम और सरस्वती कूप जाने का उनका कार्यक्रम प्रस्तावित है। 

बाद में राष्ट्रपति कुछ बड़े संतों के बीच रहेंगे और साथ ही लंच करेंगे। शाम 4.30 बजे वह मेला क्षेत्र से बमरौली एयरपोर्ट जाकर दिल्ली लौटना है। राष्ट्रपति कोविंद के आगमन को लेकर जिला एवं कुंभ मेला प्रशासन की ओर से सक्रियता बढ़ी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button