
लखनऊ । दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात में शामिल दस लोगों की मौत के साथ ही 25 में कोरोना पॉजिटिव मिलने से उत्तर प्रदेश में हालात गंभीर होने की ओर है। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस को सेकेंड से थर्ड स्टेज में जाने पर अंकुश लगाने के प्रयास में लगे सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रयास पर इस जमात में शामिल होने गए उत्तर प्रदेश के 19 जिलों के लोग ही पलीता लगाने में लगे हैं।
कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच दिल्ली के निजामुद्दीन में 13 से 15 मार्च के बीच सम्पन्न इस जमात में उत्तर प्रदेश के 19 जिलों से करीब 160 लोग गए थे। उत्तर प्रदेश के लोगों का इस चार दिवसीय जमात में विदेशियों से भी सम्पर्क हुआ था। जमात में शामिल तेलंगाना के छह लोगों की कोरेना वायरस के संक्रमण मौत हो गई है जबकि दो दर्जन से अधिक पॉजिटिव मिले हैं।
इनमें उत्तर प्रदेश के भी हो सकते हैं। सरकार अब इस जमात में शिरकत करने गए उत्तर प्रदेश के 19 जिलों के लोगों की शिनाख्त के साथ ही उनकी कोरोना जांच कराने में भी लगी है। इनमें सर्वाधिक 28 मुजफ्फरनगर के हैं जबकि मेरठ के 24 तथा लखनऊ के 20 लोग हैं। तब्लीगी जमात में लखनऊ, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, हापुड़, बिजनौर, बागपत, वाराणसी, भदोही, मथुरा, आगरा, सीतापुर, बाराबंकी, प्रयागराज, बहराइच, गोंडा और बलरामपुर के लोग शामिल होने गए थे। इस जमात में शामिल होने गए प्रदेश से गए सभी लोग दिल्ली में हैं और उन्हें वहां के अस्पतालों में क्वारंटाइन किया गया है। इस सूचना के बाद शासन ने राहत की सांस ली है।



