दिल्ली के 63 और यूपी के 59 फीसद मामलों का लिंक तब्लीगी जमात से, 23 राज्यों में फैलाया कोरोना
नई दिल्ली । देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों की मानें तो देश में अब तक जो आंकड़े आए हैं उनमें से अधिकांश दिल्ली के निजामुद्दीन में आयोजित तब्लीगी जमात के कार्यक्रम से जुड़े हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की मानें तो अब तक देश में कोरोना संक्रमण के 14,378 केस सामने आए है जिनमें से 4,291 मामले अकेले तब्लीगी जमात के आयोजन (Tablighi Jamaat congregation) से ही जुड़े हैं। अपनी रोजाना की प्रेस ब्रीफिंग में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि देश में 14,378 पॉजिटिव केस में से 4,291 यानी करीब 29.8 फीसद केस निजामुद्दीन मरकज क्लस्टर सिंगल सोर्स से संबंधित पाए गए हैं।
डराते हैं ये आंकड़े
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि तब्लीगी जमात से संबंधित मरीज देश के 23 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में पाए गए हैं। कोविड-19 मरीजों की संख्या के लिहाज से टॉप 10 राज्यों में पांच राज्य ऐसे हैं जहां जमाती मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा है। तमिलनाडु में 84 फीसद, दिल्ली में 63 फीसद, तेलंगाना में 79 फीसद, आंध्र प्रदेश में 61 जबकि उत्तर प्रदेश के 59 फीसद संक्रमित मरीज या तो तब्लीगी जमात से हैं या इन जमात के लोगों के संपर्क में आए थे। सरकार की मानें तो देश में संक्रमण से मृत्यु दर 3.3 फीसद है जो दूसरे कई मुल्कों के मुकाबले काफी कम है।


