Latest

कोरोना के पांच नए मरीज, 13 की रिपोर्ट निगेटिव

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को पांच नए मामले सामने आए जबकि कोरोना पॉजिटिव व इलाजरत 13 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

इस तरह जिले में अब तक कोरोना संक्रमित 257 मरीज मिले हैं जिनमें 182 कोरोना संक्रमण को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं।

वर्तमान में जिले में कोरोना वायरस के 67 सक्रिय मामले हैं। कोरोना संक्रमित आठ मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
कोविड 19 के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि एसआरएन के 38 वर्षीय वार्ड ब्वॉय संभवत: सर्जरी विभाग की संक्रमित नर्स के सम्पर्क में आने से पॉजिटिव हुआ होगा।

धनूपुर के बिठौली निवासी 41 वर्षीय महिला मुंबई से लौटी थी। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दिल्ली से लौटी मालवीय नगर की 45 वर्षीय महिला में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।

वहीं, अल्लापुर के तिलक नगर निवासी 56 वर्षीय अधेड़ एवं नैनी के गंगोत्री नगर निवासी 22 वर्षीय युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसआएन पहुंची कोरोना पॉजिटिव प्रसूता

कोरोना पॉजिटिव प्रसूता को लेकर जाने वाले उसे लेकर एक बार फिर से एसआरएन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने उसे भर्ती कराया। प्रतापगढ़ के कुंडा की गर्भवती महिला ने चार दिन पहले शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। बाद में रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर उसे शुक्रवार को एसआरएन भेजा गया। लेकिन उसके घर के लोगों ने वहां भर्ती करने से इनकार कर दिया और मरीज को लेकर चले गए। अस्पताल के लोगों ने इसकी जानकारी प्रशासनिक अफसरों को दी थी। शनिवार दोपहर पति खुद संक्रमित पत्नी को लेकर एसआरएन पहुंच गया।

Related Articles

Back to top button