Latest

यूपी बार काउंसिल पदाधिकारियों के चुनाव में मुकाबला रहा टाई, जानकी व रोहिताश्व 6-6 माह रहेंगे अध्यक्ष

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । यूपी बार काउंसिल मुख्यालय पर तय कार्यक्रम के अनुसार नए पदाधिकारियों का चुनाव हुआ जिसमें लखनऊ के जानकीशरण पांडेय व मेरठ के रोहिताश्व कुमार अग्रवाल संयुक्त रूप से छह-छह माह के लिए अध्यक्ष चुने गए हैं।

दोनों प्रत्याशियों को 12-12 वोट मिले हैं। जानकीशरण पांडेय अध्यक्ष की जिम्मेदारी पहले निभाएंगे। नवनियुक्त अध्यक्ष जानकीशरण पांडेय वर्ष 2013 में उपाध्यक्ष जबकि रोहिताश्व कुमार अग्रवाल वर्ष 2005 में अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

वहीं 15 वोट पाकर कानपुर नगर के अंकज मिश्र उपाध्यक्ष चुने गए, जबकि को-चेयरमैन पद पर शिवकिशोर गौड़, देवेंद्र मिश्र नगरहा, जयनारायण पांडेय, राकेश पाठक व प्रशांत सिंह अटल निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। सभी निर्वाचित पदाधिकारियों का कार्यकाल सोमवार, 06 जुलाई से प्रभावी हो जाएगा।


यूपी बार काउंसिल के चुनाव को लेकर सदस्यों के बीच काफी दिनों से जोर-आजमाइश चल रही थी। पहले 14 जून को चुनाव होना था। लेकिन, तत्कालीन कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र मिश्र नगरहा का स्वास्थ खराब होने के कारण पांच जुलाई को चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। चुनाव अधिकारी बलवंत सिंह की देखरेख में दोपहर 12 बजे के बाद चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। दो से तीन बजे तक वोटिंग हुई। तीन बजे के बाद मतगणना करके रिजल्ट घोषित कर दिया गया। काउंसिल के निवर्तमान अध्यक्ष हरिशंकर सिंह व देवेंद्र मिश्र नगरहा ने चुनाव कराने में अहम भूमिका निभाई।
सदस्य सचिव व निर्वाचन अधिकारी बलवंत सिंह के अनुसार अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अमरेंद्र नाथ सिंह, इमरान माबूद खां व श्रीश कुमार मेहरोत्रा के नाम वापस लेने के बाद जानकी शरण पांडेय, मधुसूदन त्रिपाठी व रोहिताश्व कुमार अग्रवाल के बीच चुनाव हुआ। मतगणना के प्रथम चरण में जानकी शरण को 10, मधुसूदन त्रिपाठी को पांच और रोहिताश्व अग्रवाल को 11 वोट मिले। दूसरे चरण में मधुसूदन त्रिपाठी के पांच वोटों में से जानकी शरण को दो और रोहिताश्व अग्रवाल को एक वोट मिला जबकि दो वोट एक्झास्ट हो गए। जानकी शरण पांडेय व रोहिताश्व अग्रवाल को 12-12 बराबर वोट मिलने पर आपसी सहमति से पहले छह माह के लिए जानकी शरण पांडेय व उसके बाद शेष छह माह के लिए रोहिताश्व अग्रवाल को अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

Related Articles

Back to top button