Latest

ए टी एस कर रही आतंकी मोहम्मद जीशान कमर के पासपोर्ट की जांच

प्रयागराज व दिल्ली के अधिकारी कर रहे जाँच

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। पाकिस्तान में हथियार चलाने और धमाके की ट्रेनिंग लेने वाले संदिग्ध आतंकी मोहम्मद जीशान कमर से जुड़ा एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। पता चला है कि उसने प्रयागराज से अपना पासपोर्ट नहीं बनवाया है। इसका राजफाश पुलिस की तफ्तीश में हुआ है। अब आशंका जताई जा रही है कि जीशान ने दिल्ली में रहने वाले अपने चाचा के घर के पते पर पासपोर्ट बनवाया होगा, हालांकि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की ओर से इस संबंध में अभी तक पुलिस को कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि जीशान करेली थाना क्षेत्र के जीटीबी नगर, ए ब्लाक मोहल्ले का निवासी है। यहीं पर उसके वालिद भी रहते हैं। जीशान की गिरफ्तारी के बाद पता चला कि वह खाड़ी देश और फिर पाकिस्तान भी गया था। इस आधार उसके पासपोर्ट, वीजा सहित अन्य दस्तावेजों की छानबीन शुरू हुई। मगर पासपोर्ट रजिस्टर से लेकर दूसरे अभिलेख खंगालने के बाद भी करेली थाने के रिकार्ड में जीशान का नाम नहीं मिला। यह भी आशंका हुई कि वह दूसरे नाम से पासपोर्ट बनवा सकता है, जिस पर खुफिया एजेंसी से इनपुट लेकर जांच की गई, लेकिन प्रयागराज से पासपोर्ट बनवाए जाने की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई।
माना जा रहा है कि जीशान के एक चाचा नई दिल्ली में रहते हैं, जहां वह अक्सर आता-जाता था। संदिग्ध आतंकी जीशान दिल्ली के पते से अपना पासपोर्ट बनवा सकता है। बीते माह आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जीशान कमर को करेली से गिरफ्तार किया था। साथ ही उसकी निशानदेही पर नैनी स्थित मोहम्मद शाहरुख के पोल्ट्री फार्म में रखे गए इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस आइईडी व असलहा बरामद किया था। सुरक्षा एजेंसियां शहर में कई दिनों तक डेरा जमाए रही और तमाम संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की। कुछ दिन बाद आतंकी स्लीपर सेल के मास्टरमाइंड माने जा रहे हुमेदुर रहमान ने नाटकीय ढंग से करेली थाने में सरेंडर किया, जिसे एटीएस ने गिरफ्तार कर स्पेशल सेल के हवाले किया था। वहीं, शाहरुख व ताहिर मदनी से एटीएस ने लंबी पूछताछ की और जब आतंकी गतिविधियों में उनकी संलिप्तता नहीं मिली तो छोड़ दिया गया।

Related Articles

Back to top button