सेटिंग कर बदल दी ओएमआर शीट

सहायक अभियंता की परीक्षा में सामने आया मामला
केन्द्र व्यवस्थापक व अन्य पर दर्ज कराया मुकदमा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सहायक अभियंता की परीक्षा में ओएमआर शीट बदलने का मामला सामने आया है। शातिर ने परीक्षा केंद्र में सेटिंग करके ओएमआर शीट ही बदल दी। इसका खुलासा होने के बाद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से सिविल लाइंस थाने में केन्द्र व्यवस्थापक समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सिविल लाइंस पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के बाद कहानी सामने आएगी।
बताया जा रहा है कि यूपीपीएससी की ओर से दिसंबर 2020 में राज्य अभियंत्रण सेवा की परीक्षा कराई गई थी। इसका एक सेंटर थरवई स्थित जेआरडी पाल इंटर कॉलेज में था। परीक्षा के बाद ओएमआर शीट लोक सेवा आयोग को भेज दिया गया। इधर, जब जांच शुरू हुई तो पता चला कि एक ओएमआर शीट गायब है। दूसरा एक अभ्यर्थी की बदली हुई ओएमआर शीट मिली। इस घटना की जानकारी से आयोग में खलबली मच गई। फिर से इसकी जांच कराई गई। पता चला कि कुल चार ओएमआर शीट के साथ हेरफेर की गई। आयोग के उपसचिव ने केंद्र व्यवस्थापक सतेंद्र चौधरी, कॉलेज के प्रिंसिपल और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ फर्जीवाड़ा और ओएमआर शीट चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। बताया जा रहा है कि बिना केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षक की मिलीभगत के बिना फर्जीवाड़ा संभव नहीं था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




