अतीक अहमद के गुर्गे मल्ली समेत दो अपराधियों को पुलिस ने पकड़ा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )।पत्रिका चौराहे के पास पुलिस ने एक मकान में छापा मार कर पूर्व सांसद अतीक अहमद के गुर्गे मल्ली समेत दो अपराधियों को पकड़ा। पकड़े गए दोनों अपराधियों के पास से असलहे बरामद हुए हैं। दोपहर में पुलिस को सूचना मिली कि अतीक के कई गुर्गे पत्रिका चौराहा स्थित एक बिल्डिंग में छिपे हैं। सूचना पाते ही एडीजी प्रेम प्रकाश, एसएसपी अभिषेक दीक्षित, एसपी सिटी दिनेश सिंह, सीओ सिविल लाइंस बृज नारायण सिंह, इंस्पेक्टर धूमनगंज अरुण चतुर्वेदी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से अतीक का गुर्गा आशिक उर्फ मल्ली निवासी उमरी थाना धूमनगंज और अरमान निवासी सिविल लाइंस को पुलिस ने पकड़ा। इनके साथ कुछ और लोग थे, उन्हें भी थाने ले जाया गया। पुलिस ने उनके पास से कार और बाइक भी बरामद की। एसपी सिटी ने बताया कि मल्ली के खिलाफ धूमनगंज थाने में 19 संगीन मामले दर्ज हैं। वह हिस्ट्रीशीटर है और जिले का टॉप टेन अपराधी है। इसके अलावा अन्य जिन लोगों को पकड़ा गया है, उससे पूछताछ की जा रही है।




