शिक्षक भर्ती: राज्य सरकार से जवाब तलब

शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर याचिका दायर
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्राथमिक विद्यालयों में 69 हजार सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा में व्यापक धांधली के आरोप को लेकर दाखिल याचिका पर राज्य सरकार जवाब मांगा है। यह आदेश न्यायमूर्ति एमसी त्रिपाठी ने उमेश कुमार व कई अन्य अभ्यर्थियों की ओर से दाखिल याचिका पर दिया है। याचिका में कहा गया है कि एसटीएफ मामले की जांच कर रही है। एसटीएफ को निर्देश दिया जाए कि वह समय सीमा के भीतर जांच पूरी करे या इसकी जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी को सौंपी जाए।
अधिवक्ता सीमांत सिंह ने कोर्ट को बताया कि 06 जनवरी 2019 को आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली की शिकायतें आई हैं। पुलिस ने कई जगह छापा मारकर लोगों को गिरफ्तार भी किया है। लेनदेन के पैसे भी बरामद हुए हैं। कई सेंटर में परीक्षा दे रहे छात्रों के 150 में से 143 अंक तक आए हैं जबकि उनके एकेडमिक रिकार्ड काफी खराब हैं। इससे स्पष्ट है कि धांधली हुई है। गौरतलब है कि 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती शुरू से ही विवादों में रही है। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी याचिकाएं दाखिल हैं। सुप्रीम कोर्ट ने शिक्षामित्रों के लिए लगभग 37 हजार पदों को छोड़कर शेष पर भर्ती प्रक्रिया जारी रखने का निर्देश दिया है। प्रदेश सरकार सुप्रीम कोर्ट से आदेश मिलने का इंतजार कर रही है।



