Latest

प्रदेश के केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में इविवि फिसड्डी

40 केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में 38वें पायदान पर मिली जगह

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । सूबे के सबसे पुराने विश्वविद्यालय की शाख लगातार गिरती जा रही है। पूरब का आक्सफोर्ड के नाम से जाना जाने वाला इलाहाबाद विश्वविद्यालय राज्य के चार अन्य केन्द्रीय विश्वविद्यालयों की तुलना में निचले पायदान पर है। जी हां, केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी देश के 40 केन्द्रीय विश्वविद्यालयों की वार्षिक रिपोर्ट तो यही बता रही है। मंत्रालय की ओर से जारी इस ग्रेडिंग में इविवि को 38वां और उत्तर प्रदेश के चार केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में चौथा स्थान मिला है।
दरअसल, सालभर के प्रदर्शन के आधार पर मंत्रालय की ओर से हरवर्ष केन्द्रीय विश्वविद्यालयों की ग्रेडिंग जारी की जाती है। इसके अलग-अलग मापदंड होते हैं। इसी के आधार पर विश्वविद्यालयों को ग्रांट भी जारी किया जाता है। सूबे के केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में पहले पायदान पर बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय लखनऊ, दूसरे पर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और तीसरे पर बीएचयू है। इविवि को महज 33 फीसद यानि 283.5 में से 94.5 अंक प्राप्त हुए हैं। जबकि, न्यूनतम 59.975 फीसद अंक हासिल करना अनिवार्य है। इस आंकलन में एआईआरएफ रैंकिंग और नैक ग्रेडिंग को भी समायोजित किया गया है। इविवि को एआईआरएफ रैंकिंग में जगह ही नहीं मिली जबकि नैक ग्रेडिंग में बी जोड़ा गया है।

Related Articles

Back to top button