जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में किया झण्डारोहण

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। जिलाधिकारी श्री भानुचन्द्र गोस्वामी ने स्वतंत्रता दिवस(15 अगस्त) के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में झण्डारोहण किया तथा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियो तथा अन्य लोगो को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह हम सब के लिए प्रसन्नता का अवसर है। 15 अगस्त, 1947 में भारत को मिली आजादी के बाद हमें अपने राष्ट्र और मातृभूमि में सारे मूलभूत अधिकार मिले। अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान के फलस्वरूप प्राप्त लोकतांत्रिक व्यवस्था के मानदण्डों की रक्षा करते हुए राजनैतिक स्वाधीनता के साथ-साथ सामाजिक स्वाधीनता प्राप्त करने हेतु हम निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। राष्ट्र एवं समाज के निर्माण का आधार प्रेम एवं सद्धभावना है। समाज के हर वर्ग को न्याय दिलाना तथा देश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करना ही हमारी स्वतंत्रता का असली उद्देश्य एवं लक्ष्य है। उन्हांेने कहा कि देश को आजादी दिलाने में अनगिनत लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। हम सभी उनके सपनों को साकार करने के लिए अपने कर्तव्यों एवं दायित्वो का निष्ठा एवं इमानदारी से निर्वहन करते हुए देश के विकास में अपना सहयोग प्रदान करे एवं देश को विकास के सर्वाेच्च शिखर तक ले जाय, यही अमर शहीदों के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


