पीआरएसयू कराएगा अंतिम वर्ष व अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं
18 सितंबर से यूजी व 11 अक्टूबर से होगी पीजी की परीक्षा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना संक्रमण के मौजूदा दौर में एक के बाद एक विश्वविद्यालय अपने शैक्षिक कैलेंडर व वार्षिक परीक्षा कार्यक्रम जारी करने लगे हैं। इसी क्रम में प्रो. राजेंद्र सिंह विश्वविद्यालय (पीआरएसयू) में स्नातक अंतिम वर्ष और परास्नातक व प्रोफेशनल कोर्सेज के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। पीआरएसयू में स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा 18 सितंबर और सेमेस्टर परीक्षाएं 11 अक्टूबर से कराने की तैयारी है। परीक्षा समिति से मंजूरी के बाद परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी हो जाएगा। स्नातक प्रथम व द्वितीय वर्ष और परास्नातक के दूसरे सेमेस्टर के छात्रों को प्रोन्नत करने का फार्मूला भी तैयार कर लिया गया है।
पीआरएसयू के कार्यवाहक परीक्षा नियंत्रक प्रभाष द्विवेदी ने बताया कि स्नातक अंतिम वर्ष एवं परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा कराने का प्रारूप तैयार कर लिया गया है। यूजी की 18 सितंबर से और सेमेस्टर परीक्षा 11 नवंबर से कराने की तैयारी है। कुलपति एवं परीक्षा समिति से मंजूरी मिलने के बाद विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जारी किया जाएग। परीक्षा नियंत्रक ने यह भी बताया कि प्रथम वर्ष के छात्रों को द्वितीय वर्ष में प्रोन्नत किया जाएगा। उन्हें द्वितीय वर्ष में मिलने वाले अंक के आधार पर उत्तीर्ण कर रिजल्ट दिया जाएगा। वहीं, द्वितीय वर्ष के छात्रों को भी तृतीय वर्ष में प्रोन्नत किया जाएगा। उन्हें मार्च 2021 की परीक्षा में जिन विषयों की परीक्षा दी है। उन विषयों का मूल्यांकन कराया जाएगा। बचे विषयों में उसी के आधार पर अंक प्रदान कर रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। पीआरएसयू से संबद्ध मंडल के 629 कॉलेजों के स्नातक प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के 2,45,469 छात्र-छात्राओं को प्रोन्नति का लाभ मिलेगा। इसके अलावा पीजी एवं प्रोफेशनल पाठ्यक्रम के अंतिम सेमेस्टर के छात्रों को छोड़कर सभी को प्रोन्नत किया जाएगा।




