उत्तम क्षमा धर्म के साथ शुरू हुआ दसलक्षण महापर्व

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। दिगंबर जैन पंचायती सभा प्रयागराज के तत्वाधान में आत्मा की शुद्धि, मन की पवित्रता और पापों के प्रक्षालन के दस लक्षण पर्यूषण महापर्व की शुरूआत रविवार से हुई। नगर के विभिन्न जैन मंदिरो में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए भगवान का अभिषेक एवं पूजा अर्चना समपन्न हुई। भक्तो को मंदिर में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए कुछ कुछ अंतराल पर थर्मल स्क्रीनिंग एवं सैनिटाइजर का उपयोग करते हुए दर्शन के लिए भेजा गया। जीरो रोड स्थित जैन मंदिर में दसलक्षण पर्व के प्रथम दिन प0 सुनील जैन के निर्देशन में भक्तो ने covid-19 महामारी से मुक्ति की भावना से शांति धारा एवं पूजा अर्चना करके क्षमा धर्म को अपने व्यवहार में लाने का संकल्प लिया। पंडित जी ने कहा कि पूजा में समिल्लित होने वाले सभी भक्त मास्क पहनकर एवं दूरी का पालन करके पूजा अर्चना करें। उन्होंने बताया कि गाली सुनकर क्रोध न आना व्यक्ति के क्षमाभाव को दर्शाता है।क्षमा वह नौका है जिस पर सवार होकर क्रोध के अथाह सागर को पार किया जा सकता है।भक्तो ने घर पर रहकर जैन धार्मिक चैनल के माध्यम से पूजा अर्चना की। राजेश कुमार जैन ने बताया कि सोमवार 24 अगस्त को उत्तम मार्दव धर्म की पूजा की जाएगी।




