नहीं तैयार कर सके नऐ व्यावसायिक कोर्सेज, छात्रों को आत्मनिर्भर बनाने पिछड़ा यूपी बोर्ड

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । यूपी बोर्ड प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने में पिछड़ता नजर आ रहा है। दरअसल छात्र-छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले साल यूपी बोर्ड को हाईस्कूल स्तर से ही प्लम्बर, सोलर सिस्टम मरम्मत, आपदा प्रबंधन और इलेक्ट्रीशियन का कोर्स तैयार करने का निर्देश दिया था लेकिन पाठ्यक्रम निर्धारण का काम पूरा नहीं हो सका। अब जबकि 2020-21 का शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है इन पाठ्यक्रमों के शुरू होने की उम्मीद न के बराबर है।
नौकरी के सीमित होते अवसर और तेजी से बढ़ती जनसंख्या व उसकी जरूरतों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने छात्र-छात्राओं को रोजगारपरक शिक्षा से जोडऩे का मन बनाया। छात्रों के व्यक्तित्व और कौशल विकास के लिए हाईस्कूल के कोर्स में व्यावसायिक शिक्षा के वैकल्पिक विषय के रूप में इन पाठ्यक्रमों को शामिल करने की योजना तैयार की गई।
पहले से हाईस्कूल में 25 और इंटर में 41 व्यावसायिक कोर्स पढ़ाए जा रहे हैं। 10वीं में मोबाइल रिपेयरिंग, पर्यटन एवं आतिथ्य, आईटी एवं आईटीईएस, खुदरा व्यापार, सुरक्षा, ऑटोमोबाइल आदि तो इंटरमीडिएट में खुदरा व्यापार, मोबाइल रिपेयरिंग, सुरक्षा, पर्यटन एवं आतिथ्य, ऑटोमोबाइल जैसे विषयों को शामिल किया गया है।




