घट-बढ़ रहा गंगा-यमुना का जलस्तर

अलर्ट मोड पर जिला प्रशासन, राहत शिविरों की तैयारी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । गंगा और यमुना का जलस्तर में जारी बढ़ोत्तरी बाढ़ की चेतावनी दे रही थी लेकिन बुधवार को जलस्तर में बढ़ोत्तरी और गिरावट का दौर चलता रहा। उधर, गंगा और यमुना के खतरे के निशान के करीब पहुंचने के साथ ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सभी को पूरी तरह से तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। राहत शिविरों के लिए स्कूलों में भी साफ सफाई का काम तेज करने के लिए कह दिया गया है।
प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर अब 80 मीटर के ऊपर चला गया है। बुधवार को दोपहर बाद हालांकि जल स्तर में गिरावट शुरू हो गई, लेकिन इस मौसम में थोड़ी गिरावट और बढ़ोतरी क्रमवार चलती रहती है। ऐसे में संकट फिलहाल टला नहीं है। खतरे के निशान तक नदियों का जलस्तर पहुंचने से पहले ही सभी टीमों को एलर्ट कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने राहत टीमों को अलर्ट कर दिया है। इस बार 135 आश्रय स्थल तैयार किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से यहां पर रहने के लिए भेजा जाएगा। जिन स्कूलों में लोगों को भेजना है वहां पर साफ सफाई आदि के निर्देश दिए गए हैं।




