Latest

LT ग्रेड के शिक्षकों को जल्द मिलेगी तैनाती

माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने पत्र लिखकर मांगी सूचनाएं

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) से चयनित एलटी ग्रेड के सहायक अध्यापकों के लिए अच्छी खबर है। आयोग से चयनित 4243 अभ्यर्थियों की तैनाती जल्द ही राजकीय स्कूलों में होगी। प्रदेश के 1108 बालक और 1186 बालिका हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों को सात वर्गों में बांटकर तैनाती दी जाएगी। गौरतलब है कि 13 विषयों के 4243 शिक्षकों की चयन सूची आयोग ने माध्यमिक शिक्षा विभाग को भेज दी है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय कुमार पांडेय ने सभी संयुक्त शिक्षा निदेशकों को मंगलवार को पत्र लिखकर इस प्रारूप पर सूचनाएं अपर शिक्षा निदेशक राजकीय डॉ. अंजना गोयल को भेजने के निर्देश दिए हैं। सबसे पहले महत्वाकांक्षी जनपदों चंदौली, सोनभद्र, चित्रकूट, फतेहपुर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती में खाली पदों को भरा जाएगा। उसके बाद राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत संचालित और पं. दीन दयाल उपाध्याय मॉडल विद्यालयों में नवनियुक्त शिक्षकों का पदस्थापन होगा।
फिर तहसील मुख्यालय (सदर तहसील को छोड़कर) से दो किमी बाहर के विद्यालय और उसके बाद तहसील मुख्यालय (सदर तहसील को छोड़कर) के स्कूलों में ज्वाइनिंग मिलेगी। उसके बाद मेरठ, आगरा, वाराणसी, कानपुर व प्रयागराज को छोड़कर अन्य जिलों के जिला मुख्यालय से 8 किमी दूरी के अंदर के स्कूलों में पदस्थापन किया जाएगा। सबसे अंत में मेरठ, आगरा, वाराणसी, कानपुर व प्रयागराज को छोड़कर अन्य जिलों के जिला मुख्यालय से 8 किमी दूरी के भीतर के स्कूलों में तैनाती दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button