
वेब डेस्क। त्रिपुरा में आज (18 फरवरी) को 60 में से 59 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है. राज्य भर में 3,214 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है. पोलिंग बूथों पर सुबह से ही लोग पहुंचने शुरू हो गए हैं. वोटिंग शाम चार बजे तक चलेंगे. चरीलम विधानसभा सीट से माकपा के उम्मीदवार रामेंद्र नारायण देब बर्मा की पांच दिन पहले हुई मौत के कारण इस सीट पर चुनाव 12 मार्च को होगा राज्य में हो रहे विधानसभा चुनाव में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सत्तारूढ़ वाम दल के सामने प्रमुख दावेदारी पेश कर रही है. वाम दल पिछले 25 सालों से राज्य में सत्ता पर काबिज है. राज्य में अनुसूचित जनजातियों के लिए 20 सीटें आरक्षित हैं.
बीजेपी ने जमकर किया प्रचार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राज्य में चार रैलियों को संबोधित किए जाने के साथ ही बीजेपी ने यहां जमकर प्रचार-प्रसार किया है. इस प्रचार में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, नितिन गडकरी और स्मृति ईरानी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे दिग्गज नेता शामिल हुए.
CM माणिक सरकार ने संभाला वाम दलों के प्रचार का जिम्मा
पांचवी बार मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में शामिल माणिक सरकार ने माकपा के प्रचार अभियान का नेतृत्व करते हुए राज्य में करीब 50 रैलियों को संबोधित किया. सीताराम येचुरी और बृंदा करात जैसे अन्य वामपंथी नेताओं ने भी पार्टी के इस अभियान का समर्थन किया.
307 प्रत्याशी आजमा रहे भाग्य
वहीं कांग्रेस का प्रचार अभियान कुछ हल्का रहा. पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रचार के आखिरी दिन उनाकोटी जिले के कैलाशहर में एक रैली को संबोधित किया. इन चुनावों में कुल 307 उम्मीदवार दौड़ में हैं. माकपा 57 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि अन्य वामपंथी दल आरएसपी, फॉरवर्ड ब्लॉक और भाकपा ने एक-एक सीट पर उम्मीदवारी दर्ज कराई है. कांग्रेस 59 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. पार्टी ने गोमती जिले के काक्राबोन विधानसभा सीट से किसी भी उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारा है. अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी देबाशीष मोडोक ने बताया कि मतों की गिनती तीन मार्च को होगी



