हमीदिया गर्ल्स डिग्री कॉलेज की प्रवेश परीक्षा 16 से
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। हमीदिया गर्ल्स डिग्री कॉलेज में नए सत्र के प्रवेश के लिए बुधवार से ऑनलाइन मोड में प्रवेश परीक्षा होगी। पहले दिन यानी 16 को बीकॉम और 17 सितंबर को बीए के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। प्राचार्य यूसुफा नफीस की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रवेश परीक्षा ऑनलाइन मोड में सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच होगी। छात्राएं कॉलेज के लिंक से प्रवेश परीक्षा दे सकेंगी, जो सुबह नौ बजे खुलेगी। परीक्षार्थी अपने मोबाइल, लैपटाप, डेस्कटाप, टेबलेट इत्यादि से प्रवेश परीक्षा दे सकते है। छात्राओं को अपना यूजीएटी रोल नम्बर, नाम, ईमेल आईडी और संपर्क नम्बर ध्यान से भरना होगा।
प्राचार्य के अनुसार यूजीएटी प्रश्नपत्र तीन खंड में होंगे। खंड एक भाषा ज्ञान में उम्मीदवारों को किसी एक भाषा का चयन करके 50 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इसके बाद नेक्स्ट का बटन क्लिक करना होगा। खंड दो में सामान्य जागरूकता के प्रश्न होगे। इसमें 30 प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे। खंड तीन में बीए सात विषयों हिंदी, अंग्रेजी, शिक्षा शास्त्र, इतिहास, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र और कम्प्यूटर से संबंधित 70 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। इसी तरह बीकॉम में गणित, अकाउंटेंसी, अर्थशास्त्र, मैनेजमेंट, फाइनेंस, करेंसी एंड फारेन एक्सचेंज से संबंधित 70 प्रश्न होंगे।



