ईसीसी में प्रवेश परीक्षा की तैयारी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज (ईसीसी) में नए सत्र में स्नातक, परास्नातक एवं प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए अक्तूबर के पहले सप्ताह से ऑफलाइन प्रवेश परीक्षा शुरू होगी। कॉलेज प्रशासन प्रवेश परीक्षा की तैयारी में जुटा है। सभी पाठ्क्रमों के लिए अब तक 4000 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है, हालांकि पिछले साल से कम आवेदन आए हैं। इसलिए कॉलेज प्रशासन ने आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर से बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी है।
ज्ञात हो कि कोरोना को देखते हुए कॉलेज प्रशासन की परीक्षा समिति में मेरिट के आधार पर सीधे प्रवेश दिए जाने का निर्णय लिया था लेकिन जब इविवि ने प्रवेश परीक्षा की तिथि तय कर तैयारी शुरू कर दी तो ईसीसी ने अब परीक्षा के आधार पर प्रवेश लेने का निर्णय लिया है। स्नातक, परास्नातक में दाखिले के लिए ऑफलाइन प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए मोजेज ने बताया कि इविवि की प्रवेश परीक्षाएं 5 अक्तूबर को समाप्त हो रही हैं। इसके बाद ही कॉलेज की प्रवेश परीक्षाएं होंगी। परीक्षा को लेकर तैयारी चल रही है। उम्मीद है कि अक्तूबर के पहले सप्ताह से प्रवेश परीक्षा प्रारंभ हो जाएगी। आवेदन की तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर कर दिया गया है। परीक्षा के संबंध में विस्तृत कार्यक्रम जल्द जारी कर दिया जाएगा। वहीं, पीएचडी में प्रवेश इविवि की ओर से संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) के आधार पर होगा।




