सामान्य हिन्दी के प्रश्नों ने छात्रों को छकाया
पीसीएस -2019 की मुख्य परीक्षा का आगाज
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की पीसीएस -2019 की मुख्य परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई। पहले दिन सामान्य हिन्दी और निबंध के प्रश्न पत्र ने अभ्यर्थियों को ज्यादा परेशान नहीं किया। पीसीएस-2019 के तहत 474 पदों की भर्ती निकाली है। इसकी मुख्य परीक्षा दो पालियों में 26 सितंबर तक चलनी है। पहले दिन प्रथम पाली में सामान्य हिंदी व द्वितीय पाली में निबंध की परीक्षा हुई। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर गेट पर थर्मल स्कैनिंग करने के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। हर अभ्यर्थी मास्क लगाकर परीक्षा में शामिल हुआ।
पहली पाली में सामान्य हिन्दी के प्रश्न पत्र गद्यांश से सम्बंधित प्रश्नों, व्याख्या, भावार्थ और संक्षेपण ने अभ्यर्थियों को जरूर छकाया। सामान्य हिन्दी के लिए 150 अंक निर्धारित थे। कुल चालीस प्रश्न थे। सभी के अंक अलग-अलग थे। वहीं अनेक शब्द का एक शब्द बनाना, विलोम, वाक्यों का शुद्ध करना, वर्तनी संशोधन, मुहावरों का अर्थ व प्रयोग बेहद सरल था।
दूसरी पाली में निबंध का प्रश्न पत्र था। जिसमें अभ्यथियों को भारत की विदेश नीति, भारत का किसान अभिमान व अन्य समसामायिक विषयों पर अधिकतम सात सौ शब्दों में निबंध लिखना था। प्रश्न पत्र तीन भाग में थे। प्रत्येक भाग में तीन-तीन विषयों पर निबंध दिये गये थे। प्रत्येक भाग में अभ्यथियों को एक-एक विषय पर निबंध लिखना था। प्रत्येक निबंध के लिए 50 अंक निर्धारित थे। हालांकि सुबह हुई बारिश की वजह से बाहरी जिलों से आये अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पंहुचने में मशक्कत करनी पड़ी। पहली पाली में तमाम अभ्यर्थियों ने भीगे हुये कपड़ों में सामान्य हिन्दी का पेपर हल किया। पीसीएस 2019 की मुख्य परीक्षा प्रदेश के प्रयागराज, लखनऊ और गाजियाबाद के 15 केन्द्रों पर संचालित हुई।
इनसेट…
22 फीसदी ने छोड़ी परीक्षा
प्रयागराज। प्रयागराज, गाजियाबाद और लखनऊ में हुई पीसीएस मेंस की परीक्षा के लिए 6119 अभ्यर्थी चयनित थे। जिसमें 78.15 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे और 1337 (21.85 प्रतिशत) अनुपस्थित रहे। जिलेवार प्रयागराज में 2,232 अभ्यर्थी पंजीकृत थे 1784 ने परीक्षा दी, लखनऊ में 2311 पंजीकृत थे जिसमें से 1739 व गाजियाबाद में 1576 पंजीकृत में से 1259 अभ्यर्थियों पीसीएस की मुख्य परीक्षा दी। 22 प्रतिशत अभ्यर्थियों का मुख्य परीक्षा छोडऩे की कोरोना के साथ ही पीसीएस 2018 में चयनित हो जाना रहा। जिस वजह से 2018 में चयनित अभ्यर्थियों ने पीसीएस 2019 की मुख्य परीक्षा छोड़ दी। इसके अलाव कुछ ने व्यक्तिगत कारणों से परीक्षा से मुंह मोड़ा।



