बेली अस्पताल के तीन विभागों में ताला

दो डॉक्टरों का तबादला, एक ने दिया इस्तीफा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। डॉक्टर न हो तो विभाग में ताला लटकना लाजिमी है। तेज बहादुर सप्रू (बेली) अस्पताल के तीन विभाग अब बंद हो गए हैं। प्रोन्नति के बाद दो स्पेशलिस्ट डॉक्टर दूसरे जिले में चले गए जबकि एक स्पेशलिस्ट डॉॅ. अजय शुक्ला ने इस्तीफा दे दिया है। तीन डॉक्टरों के जाने से अब मरीजों को इलाज कराने में और असुविधा होगी। यह अस्पताल अभी लेवल-टू का कोविड अस्पताल बनाया गया है इसलिए यहा सिर्फ कोरोना मरीजों का ही इलाज किया जा रहा है। यहां अभी ओपीडी नहीं संचालित हो रही है।
बेली में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी व ईएनटी विभाग में कोरोना काल के पहले बड़ी संख्या में मरीजों की लाइन लगती थी। अब ईएनटी (नाक, कान व गला) के सर्जन डॉ. अजय शुक्ला ने अस्पताल के सीएमएस को अपना इस्तीफा दे दिया। जिसमें उन्होंने अपने इस्तीफे के लिए निजी कारण बताया है। न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. आरपी पाडेय का स्थानांतरण मीरजापुर जनपद में हो गया है, उन्होंने संयुक्त अपर निदेशक स्वास्थ्य के पद पर ज्वाइन कर लिया है। बेली के काद्दडयोलॉजिस्ट डॉ. एसएम त्रिपाठी हरदोई जनपद के सीएमओ बनाए जाने के बाद वह वहा चले गए। इनके जाने के बाद से यह तीनों विभाग बंद हो गए। एक साथ तीन स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के जाने से स्वास्थ्य विभाग को भी झटका लगा है।
बेली अस्पताल के सीएमएस डॉ. ओपी त्रिपाठी ने बताया कि तीन स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के जाने के बाद तीन विभाग फिलहाल बंद हो गए हैं। डॉ. अजय शुक्ला ने पिछले माह ही इस्तीफा दे दिया था। अभी कोविड अस्पताल होने की वजह से सभी विभाग बंद हैं सिर्फ कोरोना मरीजों का ही इलाज हो रहा है।




