Latest

समान कटऑफ वालों से भरे जाएं पद, पुलिस विभाग में कम्प्यूटर ऑपरेटर भर्ती मामला

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पुलिस विभाग में कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए भर्ती 2016 में 81 चयनितों के कार्यभार न ग्रहण करने के कारण रिक्त पदों पर कटऑफ से समान अंक अर्जित करने वालों की नियुक्ति करने के आदेश पर हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है।

यह भी कहा है कि यह आदेश नजीर नहीं होगा, केवल इसी केस तक सीमित रहेगा। यह आदेश न्यायमूर्ति एमएस भंडारी एवं न्यायमूर्ति आरआर अग्रवाल की खंडपीठ ने राज्य सरकार की विशेष अपील पर दिया है।

पुलिस विभाग में कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए के 934 पदों की भर्ती 2016 में शुरू हुई। इसमें कटऑफ अंक 113.75 घोषित किया गया। 73 अभ्यर्थियों को समान अंक मिले। जिनमें से 21 की नियुक्ति की गई।

भर्ती में प्रतीक्षा सूची नहीं थी। साथ ही 81 चयनित अभ्यर्थियों ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया। सरकार का कहना था कि खाली रह गए पद अगली भर्ती में भरे जाएंगे।

याची अभ्यर्थियों ने इसके विरोध में याचिका दाखिल की। एकल पीठ ने कहा पद खाली हैं तो समान कटऑफ वालों से भरे जाएं, जिसे सरकार ने अपील में चुनौती दी थी। खंडपीठ ने एकल पीठ के फैसले को सही माना है।

Related Articles

Back to top button