साकार होगा यमुना तीरे घर बनाने का सपना
नैनी में नव प्रयागम योजना को शासन की मंजूरी
( विनय कुमार मिश्रा )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। यदि आप प्लाट लेकर घर बनाने की सोच रहे हैं तो दिवाली तक प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) आपको उम्दा विकल्प देगा। नैनी में यमुना नदी के किनारे प्राधिकरण करीब सौ एकड़ में आवासीय कालोनी विकसित करने जा रहा है। इसमें 26 हेक्टेयर भूमि में प्लाट आवंटित किए जाएंगे। निम्न, मध्यम से लेकर उच्च आय वर्ग के लोगों के लिए अलग-अलग साइज के प्लाट तैयार किए जाएंगे। एलआईजी, एमआईजी और एचआईजी के तहत करीब पांच सौ प्लाट दिए जाने की योजना है। लाटरी के जरिए इसका आवंटन किया जाएगा।
नैनी में नव प्रयागम योजना को शासन ने मंजूरी दे दी है। योजना के मूर्त रूप के लेने से पहले इसका नाम बदला जाएगा। विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने 12 नामों की सूची शासन को भेजी है। नाम तय होने के बाद प्रक्रिया को तेजी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। 26 हेक्टेयर आवासीय भूमि के साथ ही 14 हेक्टेयर भूमि का व्यवसायिक उपयोग किया जाएगा। इस जमीन का लैंड यूज बदलने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। व्यवसायिक भूमि पर पीडीए अपना कांपलेक्स, दुकानें और नए बाजार विकसित करेगा। पीडीए की इस नई कालोनी में रहने के बाद आपको खरीदारी करने के लिए दूर नहीं जाना होगा। नव प्रयागम में ही आपको सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कालोनी में ही अत्याधुनिक सुविधाओं वाले नए पार्क भी बनाए जाने की योजना है। पीडीए उपाध्यक्ष अंकित अग्रवाल ने बताया कि लेआउट मंजूरी के लिए भेजा गया है। इसके बाद रेरा में पंजीयन कराया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि एक महीने में ये सभी औपचारिकताएं पूरी कर योजना को शुरू कर दिया जाएगा।




