नगर निगम कर्मियों की ऑनलाइन निगरानी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नगर निगम के स्थायी कर्मचारियों और अधिकारियों का सेवा संबंधी रिकार्ड मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड होने से इसकी ऑनलाइन निगरानी होगी।
आईटी विभाग करा रहा बायोमीट्रिक डाटा का सत्यापन
कर्मचारियों और अधिकारियों की हाजिरी की भी स्थानीय निकाय निदेशालय से ऑनलाइन निगरानी हो सकेगी। इनमें 109 केन्द्रकृत सेवा के अधिकारी-कर्मचारी, 733 अकेन्द्रीकृत सेवा के कर्मचारी व 1425 सफाईकर्मी शामिल हैं। सबसे ज्यादा शिकंजा चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों पर कसने की उम्मीद है।
स्थानीय निकाय निदेशालय के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग की ओर से निगम कर्मचारियों और अधिकारियों का आधार आधारित बायोमीट्रिक डाटा सत्यापन कराया जा रहा है। इसके लिए आधार इनबिल्ट मशीनें लगा दी गई हैं।
जिनका आधार सत्यापन हो जा रहा है, उनके मोबाइल नंबर पर कोड भी आ रहा है। उसी कोड को डालने से मशीनें खुलेंगी। इन मशीनों की कनेक्टिविटी एनआइसी से कराई जाएगी। सभी कर्मचारियों और अधिकारियों के डाटा को भी आधार से एनआइसी से लिंक कराया जाएगा।
इस काम के होने में करीब दो महीने लगने की उम्मीद है। उसके बाद अधिकारी और कर्मचारी सेवा संबंधी रिकार्ड ऑनलाइन देख सकेंगे।नयी व्यवस्था के लागू होने से बायोमीट्रिक (अटेंडेंस) हाजिरी की भी ऑनलाइन निगरानी सीधे स्थानीय निकाय निदेशालय से होने की बात कही जा रही है।
इससे सफाईकर्मियों की बैठकी और अपने मूल काम से इतर काम करने वाले कर्मचारियों पर भी नियंत्रण लगने की उम्मीद है। अपर नगर आयुक्त रत्नप्रिया ने बताया कि निदेशालय से अभी आधार आधारित बायोमीट्रिक डाटा सत्यापन के लिए कहा गया है।
अन्य कोई निर्देश नहीं मिला है। कार्यालय अधीक्षक (द्वितीय) वीरेंद्र कुमार खरे का कहना है कि पहले केंद्रीय सेवा के अधिकारियों और कर्मचारियों का रिकार्ड ऑनलाइन होगा।



