शिक्षाशास्त्र का रिजल्ट घोषित, 100 उत्तीर्ण

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उच्चतर शिक्षा सेवा (उशिसे) आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर शिक्षाशास्त्र का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया।
उशिसे आयोग के विज्ञापन संख्या 47 का मामला
इसके साथ ही आयोग के विज्ञापन संख्या 47 के सभी विषयों का परिणाम घोषित हो गया है। इस विज्ञापन के तहत प्रदेश के सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेजों में रिक्त असिस्टेंट प्रोफेसर के 35 विषयों के 1150 पदों के लिए चयन प्रक्रिया जून 2016 में शुरू हुई थी।
आयोग की ओर से जारी परिणाम में श्रेष्ठता के आधार पर 100 चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। जिसमें पहले स्थान पर आनन्द सिंह, दूसरे स्थान पर उमेश कुमार एवं तीसरे स्थान पर अनामिका सिंह राठौर हैं।
पूर्व में 34 विषयों का परिणाम घोषित किया जा चुका है। चयन परिणाम आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। शिक्षा शास्त्र के 100 पदों के लिए लिखित परीक्षा में सफल 593 अभ्यर्थियों में से 540 अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल हुये।
साक्षात्कार 18 से 27 फरवरी 2020 तक चला था। उच्च न्यायालय में दायर वाद में दिये गये आदेश के अनुपालन में 21 अक्टूबर 2020 को दो अभ्यर्थियों के इंटरव्यू लिए गए थे। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर अंतिम परिणाम घोषित किया गया है।



