16 महिला बंदियों ने रखा करवा चौथ का व्रत
नैनी जेल प्रशासन ने कराया पूजा-पाठ व शृंगार का इंतजाम
( विनय कुमार मिश्रा )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। केन्द्रीय कारागार नैनी में बंद महिलाओं के लिए जेल प्रशासन ने करवा चौथ व्रत पर विशेष प्रबंधन किया। सामाजिक संगठनों की मदद से शृंगार के सामान का इंतजाम किया। शाम ढलने के बाद वीडियो कॉल करके उनके पति का दर्शन कराया। नैनी जेल में 175 महिलाएं विभिन्न आरोपों में बंद हैं। बुधवार को 16 महिलाएं करवा चौथ पर व्रत रहीं। इनमें 5 महिलाएं ऐसी थीं जिनके पति उसी नैनी जेल में बंद हैं और अलग बैरक में रहते हैं।
वैसे तो जेल प्रशासन पति पत्नियों को मिलने का आदेश दे सकता है, लेकिन कोविड-19 के खतरे को देखते हुए वर्तमान समय में किसी भी कैदी या बंदी को किसी से भी मिलने नहीं दिया जा रहा है। करवा चौथ व्रत को देखते हुए नैनी जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक पीएन पांडे ने बुधवार को विशेष इंतजाम कराया। सामाजिक संगठनों की मदद से व्रती महिलाओं के शृंगार व पूजा-पाठ के सामान का इंतजाम कराया गया। वैसे रोज शाम को जेल की बैरक बंद हो जाती हैं लेकिन व्रत को देखते हुए रात आठ बजे तक इसे खोला गया। जेल में बंद 5 महिलाओं को विशेष सुविधा मिली जिनके पति नैनी जेल में ही बंद थे। जेल प्रशासन ने वीडियो कॉल करके महिलाओं को पतियों का दर्शन कराया।



