गिरा कोरोना का ग्राफ, महज 13 संक्रमित
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना संक्रमण का खतरा तेजी से कम हो रहा है। प्रयागराज में 24 घंटे के अंतराल में गुरुवार को 13 संक्रमित मिले। इससे पहले 20 मार्च को 16 संक्रमित मिले थे। अब संक्रमण का ग्राफ ढाई माह पहले मार्च के शुरुआती दिन के स्तर पर पहुंच गया है। राहत की बात यह है कि संक्रमित मिले लोगों में कोई भी गंभीर नहीं है। संक्रमितों में से सिर्फ एक मरीज एसआरएन में भर्ती हुआ है। बाकी मरीजों ने होम आइसोलेशन में रहना ही बेहतर समझा। कोई भी मरीज की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। अधिकांश ग्रामीण इलाके में रहने वाले हैं। लगातार एक सप्ताह से कोई भी मौत संक्रमण के चलते नहीं हुई। गुरुवार को 24 लोगों ने कोरोना को मात दी। दो लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। वहीं 22 लोगों का होम आइसोलेशन भी पूरा हो गया। स्वास्थ्य विभाग ने अलग-अलग जगह जांच अभियान चलाया। इस दौरान 7925 लोगों की जांच की गई।
तेज बहादुर सप्रू बेली हॉस्पिटल में कोरोना का एक भी मरीज गुरुवार को नहीं रहा। 180 बेड वाले अस्पताल के सभी बेड अब खाली हैं। संक्रमण कम होने के बाद यह स्थिति काफी सुखद है। अधीक्षक डॉ मनोज अखौरी ने बताया कि एक भी मरीज कोविड का अस्पताल में नहीं है। अस्पताल पूरी तरह से खाली हो चुका है। नॉन कोविड होने पर कहा कि इसका फैसला प्रशासन को करना है। वहीं बताया गया कि अगर ऐसी स्थिति आगे भी रही तो अस्पताल जल्द ही नॉन कोविड हो सकता है।




