मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चेन स्नैचर गिरफ्तार

चेकिंग के दौरान रोका तो पुलिस पर ही कर दी फायरिंग
स्कूटी सवार बदमाश से नगद, तमंचा व कारतूस बरामद
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नैनी इलाके में महिलाओं के गले से चेन छीनने वाला स्कूटी सवार बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे के चढ़ गया। शनिवार रात अरैल इलाके में उसकी पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो स्कूटी सवार बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। घेराबंदी कर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पैर में गोली लगने से स्कूटी सवार अभिनव शर्मा जख्मी हो गया। पुलिस ने घायल को स्वरूपरानी अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके पास से पुलिस को 51,300 रुपया, तमंचा और दो कारतूस मिले है।
डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने बताया कि नैनी पुलिस अरैल में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) से ओमेक्स सिटी के बीच स्कूटी सवार संदिग्ध युवक को पुलिस ने रोका तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगा। नैनी पुलिस और क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी की। पुलिस ने भी क्रॉस फायरिंग की जिसमें गोली लगने से स्कूटी सवार गिरकर जख्मी हो गया। उसके दाहिने घुटने में गोली लगी।
पुलिस अधिकारियों ने जख्मी युवक से पूछताछ की उसने खुद को मीरपुर का अभिनव शर्मा बताया। उसने स्वीकार किया कि नैनी में हुई चेन स्नेचिंग की घटनाएं उसी ने अंजाम दी थी। उसने अपने साथी अनुराग सोनकर और उस दुकानदार के बारे में बताया जिसकी दुकान में लूट की चेन बेची है। पुलिस उसके साथी और दुकानदार की तलाश में छापेमारी कर रही है। उसकी स्कूटी पर नंबर नहीं लिखा है। डिफेंस का लोगो लगा है। बताया जा रहा है कि अभिनव के पिता दिलीप फौज में रहे हैं।
इनसेट…
सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीर
प्रयागराज। स्कूटी सवार दो युवकों ने नैनी इलाके में ताबड़तोड़ चेन स्नेचिंग की घटनाएं अंजाम देकर हड़कंप मचा दिया था। चार दिनों के अंदर अधिवक्ता पूजा मिश्रा और राधा सक्सेना समेत कई महिलाओं के गले से चेन उड़ा दी। पुलिस ने जांच की तो एडीए कॉलोनी और अन्य इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी सवार लुटेरों की तस्वीरें नजर आई। पुलिस मुठभेड़ में जख्मी युवक के बारे में जब छानबीन की गई तो पता चला आरोपी अभिनव शर्मा ने ही इन महिलाओं के गले से चेन छीनी थी और उसी की तस्वीर सीसीटीवी में कैद है।




