3 दिन से पानी टंकी पर जमा रहा अधिवक्ता परिवार, सुरक्षा में मौके पर पहुंची NDRF की टीम

ड्रोन से निगरानी, मंगवाई गई हाइड्रोलिक मशीन
सुरक्षा में मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम
( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। हरदोई जिले के निवासी अधिवक्ता विजय प्रताप और उनका कुनबा रविवार आधी रात के बाद तक बेली गांव के पानी की टंकी पर ही जमा रहा। नीचे पूरा प्रशासनिक अमले का मजमा लगा था। टंकी पर चढ़े लोगों को उतारने के लिए प्रशासन ने पहले जाल बंधवाया लेकिन अधिवक्ता ने जलता कपड़ा फेंक दिया, जिससे जाल का कुछ हिस्सा जल गया। ड्रोन से निगरानी करने के साथ ही कानपुर से हाइड्रोलिक मशीन भी मंगाई गई है। करीब 43 घंटे बाद भी स्थिति जस की तस थी।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) भी बुला ली गई है, किसी भी समय कार्रवाई की जा सकती है। आधी रात में एडीजी जोन ने लाउड हेलर के जरिेए बताया कि सीबीआई जांच की मांग लखनऊ में मान ली गई है तो अधिवक्ता ने कहा कि इस बारे में लिखित आश्वासन दिया जाए।
कैंट थाना अंतर्गत बेली मोहल्ले में पानी की टंकी पर बैठे लोग रविवार रात 12 बजे तक पुलिस और प्रशासन के लिए सिरदर्द बने रहे। हरदोई में सुरसा थाना क्षेत्र स्थित छोली बरिया गांव निवासी अधिवक्ता विजय प्रताप भाई अजय प्रताप, बहन बबली, भांजी पूनम, पुत्र विमल और गांव के परमेश्वर संग शनिवार सुबह करीब छह बजे इस टंकी पर चढ़ गए थे। यह निषिद्ध क्षेत्र है। रविवार रात नौ बजे तक समझाने बुझाने का कोई असर नहीं हुआ तो डीएम भानुचंद्र गोस्वामी खुद मौके पर पहुंच गए। विजय प्रताप ने डीएम व एसपी को बुलाने की मांग दोपहर में की थी। विजय प्रताप ने नीचे उतरने से मना कर दिया।
रविवार करीब 10 बजे के बाद कमिश्नर आर. रमेश कुमार, एडीजी प्रेमप्रकाश व आइजी केपी सिंह यहां पहुंचे। अफसर बार बार कह रहे थे कि कोई एक व्यक्ति नीचे आ जाय। यदि वार्ता से संतुष्ट नहीं हो तो वह उसे छोड़ देंगे, लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला।
भाई का हुआ अपहरण, कार्रवाई नहीं
प्रयागराज। पानी की टंकी पर चढ़े विजय प्रताप का कहना है कि उसके भाई विवेक सिंह के अपहरण मामले की सीबीआइ जांच कराई जाय। उनका कहना है कि आरोपित लल्लन समेत अन्य के प्रभाव में पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है। उसने एक वीडियो जारी कर सरकार से मांग की है कि भू-माफिया और अपहरण करने वालों का हश्र कानपुर के बिकरू गांव निवासी विकास दुबे जैसा किया जाय।




