Latest
बिजली विभाग ने काटी बिजली: अतरसुइया में पांच सौ घरों में जलापूर्ति ठप

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। बिजली विभाग ने बिजली का बिल न अदा करने पर अतरसुइया में नलकूप का बिजली कनेक्शन काट दिया। इससे करीब पांच सौ घरों में रविवार को जलापूर्ति ठप हो गई।
लोग पीने के पानी के लिए परेशान हो गए। अतरसुइया में दामिनी अस्पताल के सामने जलकल विभाग का बड़ा नलकूप लगा है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने रविवार को दिन में बिजली बिल अदायगी न होने पर कनेक्शन काट दिया।
जलकल विभाग को इसकी जानकारी रात करीब आठ बजे हुई। जलकल के जीएम हरिश्चंद्र बाल्मीकी का कहना है कि नलकूपों का बिजली बिल सीधे शासन को भेजा जाता है।
जानकारी के अभाव में बिजली कनेक्शन काटा गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता हो चुकी है। जल्द कनेक्शन जोड़ दिया जाएगा।




