Latest

इविवि: स्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट 19 नवंबर तक

बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की काउंसिलिंग से पहले रिजल्ट जारी करने का दबाव

( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना काल में पहले ऑनलाइन परीक्षा कराने और अब रिजल्ट घोषित करने की चुनौती है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन पर स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं का परिणाम समय से देने का दबाव है। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग 19 नवंबर से शुरू हो रही है, ऐसे में यदि इविवि स्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट घोषित नहीं हुआ तो छात्र-छात्राओं को परेशानी हो सकती है। शायद यही वजह है कि इविवि प्रशासन 19 नवंबर से पहले रिजल्ट घोषित करने की तैयारी में जुटा है।
कुलपति प्रो. आरआर तिवारी ने विभिन्न विभागों के अध्यक्षों और संबद्ध कॉलेज के प्राचार्यों को पत्र लिखकर स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा में सम्मिलित परीक्षार्थियों के अंक 16 नवंबर तक और परास्नातक अंतिम सेमेस्टर के अंक 22 नवंबर तक परीक्षा नियंत्रक को उपलब्ध कराने को कहा है। परीक्षा नियंत्रक ने बीएड प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों से अपने स्नातक अंतिम वर्ष के एडमिट कार्ड और बीएड मेरिट लिस्ट की प्रति अपने कार्यालय में 9 से 12 नवंबर तक जमा करने को कहा है ताकि प्राथमिकता के आधार पर 19 नवंबर या उससे पहले उनका रिजल्ट उन्हें उपलब्ध कराया जा सके।

 

वीसी ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
प्रयागराज। स्नातक एवं परास्नातक अंतिम वर्ष का परिणाम घोषित करने के लिए कुलपति ने विभागों एवं कॉलेजों को हर तरह के सहयोग का भरोसा दिलाया है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि यदि कम्प्यूटर की कमी हो तो वे अपनी लैब खोलने को तैयार है। साथ ही विभागाध्यक्षों को छूट दी है कि यदि कॉपियों की संख्या अधिक है तो उनका मूल्यांकन समय से कराने के लिए वे जितने शिक्षकों की आवश्यकता है, उनका सहयोग ले सकते हैं। इससे संबंधित जो भी खर्च आएगा उसका भुगतान 15 दिन में कर देंगे। किसी प्रकार की दिक्कत हो तो कुलपति को मेल करके या फोन करके दूर कर सकते हैं।

पीजीटी भर्ती आवेदन का रखा जा रहा ध्यान

प्रयागीराज। इविवि और संबद्ध कॉलेजों में परास्नातक कक्षाओं के परिणाम भी 25 नवंबर तक घोषित होने की उम्मीद है। इविवि प्रशासन ने 22 नवंबर तक अंक उपलब्ध कराने को कहा है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता (पीजीटी) भर्ती के लिए 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। पीजी के परिणाम में देरी होने पर बड़ी संख्या में छात्र भर्ती के आवेदन से वंचित हो जाएंगे।

Related Articles

Back to top button