नैनी में इंस्पेक्टर के बेटे को घर में घुसकर मारी तीन गोली

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। आजमगढ़ में तैनात इंस्पेक्टर सभाजीत सिंह के बेटे को मंगलवार रात बाइक सवार दो युवकों ने नैनी स्थित उनके घर में घुसकर तीन गोली मार दी।
घर के अंदर घुसे दो युवकों ने बिस्तर पर लेटे छात्र पर किया हमला
घायल इंस्पेक्टर के बेटे को स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया
इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया । जख्मी को स्वरूपरानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी इंस्पेक्टर के घर पहुंचे और छानबीन की । पीड़ित परिवार ने लूट के चक्कर में वारदात होने की बात बताई है।
पुलिस इंस्पेक्टर सभाजीत सिंह आजमगढ़ जिले में तैनात हैं। उनकी पत्नी सुभद्रा देवी अपनी बेटी शैलजा और बेटा अमरेंद्र सिंह के साथ नैनी इलाके में रहती हैं। 17 साल का अमरेंद्र जीआईसी में 11वीं का छात्र है। मंगलवार रात पुलिस को जानकारी दी गई कि अमरेंद्र सिंह आगे वाले कमरे में बैठा था उसकी मां छत पर और बहन बाथरूम में थी। इस दौरान दो युवक बाउंड्री कूदकर घर में घुस आए और अमरेंद्र पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी। उसे 3 गोली मार दी। दो गोली सीने में और एक पेट में लगी है। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे ।खून से लथपथ बेटे को देखकर चीख पड़े। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जख्मी अमरेंद्र को लेकर स्वरूप रानी अस्पताल पहुंची। पुलिस की मानें तो जख्मी अमरेंद्र बोल रहा है। उसने घटना की जानकारी दी । देर रात तक पुलिस अफसर इस प्रकरण की छानबीन में जुटे रहे । पीड़ित परिवार ने यह भी बताया कि आगे वाले कमरे में अलमारी खोलकर आरोपी गहने लूटकर भाग निकले थे । पुलिस लूट समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है




