परिषदीय विद्यालयों में छात्रों को बंटेगा स्कूल बैग
शिक्षा निदेशक बेसिक की तरफ से जारी किया गया दिशा निर्देश
( विनय कुमार मिश्रा )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थियों को शासन की तरफ से स्कूल बैग देने की तैयारी है। प्रयागराज में करीब पांच लाख विद्यार्थियों को यह बैग बांटे जाएंगे। इसके लिए शिक्षा निदेशक बेसिक की तरफ से दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
बेसिक शिक्षाधिकारी संजय कुशवाहा ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार कक्षा एक से आठ तक के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढऩे वाले बच्चों को बैग दिए जाएंगे। इसके अलावा सभी राजकीय विद्यालयों, समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित स्कूलों, अशासकीय सहायता प्राप्त प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा। प्रत्येक बैग के लिए 177.99 रुपये शासन से दिए जाएंगे। बीएसए ने बतया कि शासन से प्राप्त निर्देशों में कहा गया है कि सभी विकासखंड व नगर क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक के अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार बैग उपलब्ध कराया जाए। 13 नवंबर तक संबंधित फर्म को क्रय आदेश देने के लिए भी कहा गया है।
निर्देशों में उल्लेख है कि बड़ी साइज के कितने बैग होंगे और छोटी साइज के कितने बैग होंगे, इसका स्पष्ट उल्लेख हो। आपूर्तिकर्ताओं को दो फरवरी 2021 तक अनिवार्य रूप से बैग की सप्लाई कर देना होगा। फर्म के भुगतान के लिए नोडल बीएसए को ही बनाया गया है। सभी बैग पर सर्व शिक्षा अभियान का लोगो भी लगाया जाएगा।
शासन से जारी निर्देशों में कहा गया है कि स्कूल बैग की सप्लाई में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। इसके लिए जिलाधिकारी की तरफ से कमेटी भी बनाई जाएगी। यह कमेटी विकासखंड, नगर क्षेत्र में होने वाले बैग की सप्लाई पर नजर रखेगी और उसकी गुणवत्ता को भी परखेगी। रैडम जांच भी की जाएगी। नमूनों को लेकर उसे सील किया जाएगा। जिले स्तर पर उसे एक कोड भी दिया जाएगा। ऐसा इसलिए कि सैंपल संबंधी रिपोर्ट गुप्त रहे।



