छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी, जानिए पूरा मामला
हॉस्टल फीस माफ करने की मांग लेकर किया हंगामा
इविवि: छात्रावासों में नाम के साथ चस्पा की नोटिस
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हॉस्टलों की फीस माफ करने की मांग लेकर हंगामा करने वालों के खिलाफ इविवि प्रशासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की तैयारी की है। ज्ञात हो कि पिछले दिनों इविवि के विभिन्न हॉस्टलों के अधीक्षकों की तरफ से हॉस्टलों की फीस जमा न करने वाले छात्रों की सूची तैयार कर नोटिस चस्पा की गई थी। इसी बात पर हॉस्टलों में रहने वाले छात्र नाराज हो गए।
सैकड़ों की संख्या में नाराज छात्र डीएसडब्ल्यू कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए पहुंच गए। छात्रों की भीड़ देख एहतियातन फोर्स भी बुला ली गई थी। डीएसडब्ल्यू प्रो. केपी सिंह और चीफ प्रॉक्टर प्रो. आरके उपाध्याय पहुंचे और छात्रों से यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि फीस माफी उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है। इसके बावजूद छात्र अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे।
अंत में चीफ प्रॉक्टर प्रो. आरके उपाध्याय ने छात्रों को लिखित में आश्वासन दिया कि वह बुधवार को इस मसले पर केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) को पत्र लिखेंगे। इसमें बताया जाएगा कि कोविड के चलते अंत:वासी शुल्क देने में असमर्थता जता रहे हैं। यदि सरकार की तरफ से शुल्क माफी और इविवि को अतिरिक्त वित्तीय सहायता मिलती है तो सत्र 2020-21 में छात्र-छात्राओं से हॉस्टल का शुल्क नहीं लिया जाएगा। अब इविवि प्रशासन का आरोप है कि कुछ छात्रों ने डीएसडब्ल्यू कार्यालय पर कुछ छात्रों ने ताला जड़ दिया था। अब इविवि प्रशासन सीसीटीवी फुटेज से ताला बंद करने वालों की पहचान कर रहा है।




