सिपाही पर बलात्कार का आरोप, डीआईजी से शिकायत
पांच साल से कर रहा है शोषण, साथी ने भी की मनमानी, व्हाट्सएप चैट और अश्लील वीडियो के जरिए तुड़वा दी शादी
(अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । मऊआइमा थानाक्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने पुलिस के एक सिपाही पर रेप का आरोप लगाया है। शिकायत लेकर डीआईजी/एसएसपी के पास पहुंची युवती ने बताया कि आरोपी सिपाही बीते पाँच साल से उसका शोषण कर रहा है। इतना ही नहीं वर्दी का दोष देकर उसने न सिर्फ खुद युवती के साथ बलात्कार किया बल्कि अपने एक साथी से भी मनमानी करवाई। युवती ने अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और उसी के जरिए शादी तुड़वाने का भी आरोप लगाया है। युवती को आरोपी सिपाही व उसके साथी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराये जाने का आश्वासन दिया गया है। मऊआइमा इलाके के एक गांव की रहने वाली लगभग 19 वर्षीय युवती का हाईस्कूल में पढ़ाई के दौरान क्षेत्र के ही एक गांव के रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध बन गया। युवक ने उसे अपनी बातों में फंसा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिया। युवक ने युवती की अश्लील वीडियो भी बना ली और बाद में इसी के जरिए ब्लैकमेल कर उसका शोषण करने लगा। बात मानने से इनकार करने पर वह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देता था। युवती के मुताबिक दो-तीन साल पहले उक्त युवक का यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर चयन हो गया। उसे पहली पोस्टिंग कानपुर में मिली युवती के आरोपों के मुताबिक सिपाही बनने के बाद युवक उसे और भी परेशान करने लगा। एक बार मिलने के बहाने बुलाकर खुद भी रेप किया और उसके साथी ने भी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
युवती के मुताबिक आरोपी सिपाही ने अश्लील वीडियो और व्हाट्सएप चैट उसके होने वाले पति को भेजकर उसकी शादी तुड़वा दी। सिपाही और उसके दोस्त ने शादी न करने के लिए उसके होने वाले पति को धमकाया। युवती के मुताबिक सिपाही का कहना है कि तुम मेरी नहीं हुई तो मैं तुम्हें किसी की नहीं होने दूंगा।



