युवा मंच के प्रदेशव्यापी आवाहन पर तकनीकी छात्रों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपे

यूपीपीसीएल के 4102 पदों की बहाली की मांग ने जोर पकड़ा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। युवा मंच के प्रदेशव्यापी आवाहन पर प्रयागराज, फैजाबाद, मऊ, गोरखपुर, हरदोई, प्रतापगढ़, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर समेत प्रदेशभर में आईटीआई छात्रों ने यूपीपीसीएल के 4102 पदों के विज्ञापन की बहाली, प्रदेश में तकनीकी ग्रेड के रिक्त पदों पर तत्काल चयन प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित मांग प्रशासनिक अधिकारियों सौंपे गए। प्रयागराज में कार्यक्रम का नेतृत्व युवा मंच के इंजी. राम बहादुर पटेल की अगुवाई विभिन्न छात्रों का कलेक्ट्रेट में जमावड़ा हुआ। जिला मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रम में युवा मंच के पदाधिकारियों ने कि आईटीआई छात्र तकनीकी दक्षता रखते हैं लेकिन इनके लिये रोजीरोटी के हर तरह के अवसर खत्म हो रहे हैं, सरकारी विभागों में तकनीकी ग्रेड के काम आउटसोर्सिंग व संविदा पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सभी रिक्त पदों पर भर्ती करने की घोषणा की जा रही है वहीं विडंबना देखिए साल भर से आंदोलन करने, शासन प्रशासन को सैकड़ों ज्ञापन देने, मुख्यमंत्री को हजारों ट्वीट करने के बाद भी यूपीपीसीएल के 4102 तकनीशियन पदों के बिना किसी आधार के 1 जुलाई 2019 को निरस्त किये गए विज्ञापन को बहाल नहीं किया जा रहा है। दरअसल सरकारी नौकरी देने की मुख्यमंत्री की घोषणाएं और सरकारी प्रचार और जमीनी हकीकत में बड़ा फर्क है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए सरकार ठोस कदम उठाये। चेतावनी दी कि यदि नव वर्ष के पहले तक यूपीपीसीएल के विज्ञापन की बहाली और तकनीकी ग्रेड के सभी रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया तत्काल शुरू नहीं की गई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन, धरना प्रदर्शन होगा।
प्रयागराज में युवा मंच प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य इं0 राम बहादुर पटेल, गोविंद सरोज, मनोज पटेल, राकेश वर्मा, रोहित मौर्य, रोहित यादव, प्रेम चन्द्र पटेल, बाल मुकुन्द गुप्ता,अमन विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।




