Latest

फीड किया एक हजार, मिलते रहा चार-चार हजार

 

तकनीकी दिक्कत से एटीएम से निकलने लगी गड़बड़ रकम

एटीएम से पैसे निकालने की मची होड़, मारपीट की नौबत

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रतापगढ़़ जनपद के गड़वारा बाजार में इंडिया वन का एटीएम लगा हुआ है। यहां शनिवार को तकनीकी खामी की वजह से कोई भी अमाउंट फीड करने पर चार-चार हजार रुपये ही निकल रहेे थेे। यह भी खास बात रही कि लोग एक हजार रुपये ही टाइप करते थे तब भी चार हजार रुपये निकल रहे थे जबकि उनके खातेे वही रकम कट रही थी जो टाइप किया गया था। यानी एक हजार टाइप किया तो चार हजार रुपये निकले और कटे एक हजार रुपये ही। ऐसे में आसपास के इलाके के सैकड़ों लोग वहां जमा हो गए।
आलम यह रहा है कि इस एटीएम से पैसेे निकालने के लिए लोगों के बीच मारपीट और धक्का-मुक्की की नौबत भी बन गई थी। इस एटीएम से पैसा निकालने वाले लोग चुपके से पैसे लेकर वहां से खिसक लेते। एटीएम में यह तकनीकी खराबी कितने बजे से चल रही थी, इसका सही पता नहीं चल सका,लेकिन जैसे ही अंदर ही अंदर लोगों तक यह सुगबुगाहट हुई शाम ढलते तक वहां अचानक पैसा निकालने वालों की भीड़ लग गई। खींचतान भी होने लगी।
इसी बीच उधर से गुजर रहे गड़वारा चौकी इंचार्ज निकेत भारद्वाज ने माजरा पता चलते ही तत्काल आनन-फानन में एटीएम को बंद करवा दिया और वहां जुटी भीड़ को वहां से खदेड़ दिया। एटीएम से अधिक पैसे निकालने की घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया था। गड़वारा चौकी इंचार्ज ने बताया कि एटीएम को बंद करा दिया गया है और इसकी सूचना बैंक के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। इस संबंध में एलडीएम अनिल कुमार ने बताया कि प्राइवेट कंपनी का एटीएम लगाया गया है। किसी तकनीकी खराबी के कारण ऐसा हुआ है। इसकी जांच कराई जाएगी। संभव है कि लोगों से ज्यादा निकाले गए पैसों की रिकवरी भी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button