अब कॉल्विन में होगी लेप्रोस्कोपिक सर्जरी
35 लाख में खरीदी जाएगी ऑपरेटिंग मशीन
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय (कॉल्विन) में इलाज को जाने वाले मरीजों के लिए अच्छी खबर है। अब कॉल्विन अस्पताल में लेप्रोस्कोपिक विधि से सर्जरी की सुविधा होगी। इसके लिए ऑपरेटिंग लेप्रोस्कोप मशीन खरीदने का निर्देश शासन ने दिया है। अत्याधुनिक मशीन की खरीद के लिए 35 लाख रुपए भी मंजूर किए जा चुके हैं। यह व्यवस्था मिशन कल्याणी कार्यक्रम के तहत की जा रही है।
शासन ने लेप्रोस्कोपिक शल्य चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए ऑपरेटिंग लेप्रोस्कोप मशीन क्रय करने की स्वीकृति दी हे। इस मशीन के जरिए पथरी का दूरबीन से उपचार किया जाता है। लेप्रोस्कोपिक सर्जरी से तात्पर्य ऐसी सर्जरी से है, जिसे मुख्य रूप से महिला बांझपन, रसौली, अल्सर इत्यादि का इलाज करने के लिए किया जाता है। इस सर्जरी को मुख्य रूप से लेप्रोस्कोप या दूरबीन के द्वारा किया जाता है।
शासन की ओर से जारी निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि इसके रखरखाव के लिए कुशल स्टाफ व उचित स्थान की व्यवस्था कर ली जाए। मशीन का क्रय हर हाल में इसी वित्तीय वर्ष में करना होगा। काल्विन अस्पताल की प्रमुख अधीक्षक डॉ. सुषमा श्रीवास्तव ने बताया कि लेप्रोस्कोप मशीन की व्यवस्था अस्पताल में होना बेहतर है। निर्देश मिलते ही कार्य शुरू किया जाएगा।


