शंकराचार्य आश्रम में धूमधाम से मनी देव दीपावली, गिरिराज की हुई विशेष पूजा

-अन्नकूट महोत्सव का हुआ आयोजन, 56 प्रकार के पकवानों से लगा भोग
-11 हजार दीपों से जगमगाया आश्रम परिसर
( अनुराग शुक्ला )
गोवर्धन,मथुरा (अनुराग दर्शन समाचार)। गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम में देव दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर दिन में गिरिराज जी की विशेष पूजा हुई और शाम को लक्ष्मी पूजन के साथ जैसे ही मिट्टी के 11 हजार दियों में दीप प्रज्वलित हुए पूरा आश्रम परिसर रोशनी से जगमगा उठा। देव दीपावली के अवसर पर शंकराचार्य आश्रम में सुबह सर्व प्रथम समस्त देवमंडल का षोडषोपचार पूजन-अभिषेक हुआ फिर आश्रम में विगत कई महीने से चल रहे यज्ञ में पूर्णिमा की विशेष आहुतियां दी गयीं।
इस अवसर पर गिरिराज जी की विशेष पूजा हुई और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन कर आश्रम में बने 56 प्रकार के विशेष पकवानों का भोग लगाया गया। संतो और ब्राह्मणों का भंडारा भी आयोजित हुआ। सायं काल लक्ष्मी पूजन के साथ 11,000 दीप प्रज्वलित किये गये। कार्यक्रम के दौरान गोवर्धन पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ के सानिध्य में संतों ने देव दीपावली के महात्म्य पर प्रकाश भी डाला। बृज गोवर्धन हनुमान बगीची के तपस्वी सिद्धसंत सियाराम बाबा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म बचन सुनाकर कृतार्थ किया।
कार्यक्रम में उपस्थित चिंताहरण महादेव के महंत भोले बाबा केशवदास ने कहा कि जगद््गुरु शंकराचार्य के सानिध्य में आश्रम में किये जा रहे यज्ञ और दैवी पूजा से दुनिया का संकट दूर होगा। गौरतलब है कि विश्व शांति एवं वैश्विक महामारी कोविड-19 से मुक्ति के लिए गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम में विगत कई महीनों से लगातार वैदिक अनुष्ठान व महायज्ञ का आयोजन चल रहा है। कोरोना प्रोटोकाल के तहत चल रहे इस यज्ञ में देश के विभिन्न क्षेत्रों के लोग भागीदारी कर रहे हैं। कुछ दिन पहले असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल और विभिन्न राज्यों के मंत्री व अन्य जनप्रतिनिधि भी आश्रम में पहुंचे थे और महायज्ञ में आहुतियां देकर जगद्गुरु देवतीर्थ का आशीर्वाद लिया था। विश्वशांति और वैश्विक महामारी कोविड-19 से मुक्ति के लिए वहां चल रहा महायज्ञ का अनुष्ठान अभी जारी रहेगा।
देव दीपावली के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता कुंवर नरेंद्र सिंह, नगर पंचायत गोवर्धन के चेयरमैन खेमचंद शर्मा, किशोर जयंत माधव, आईपीएस अधिकारी अनिरुद्ध कुमार, अरुणाचल के पूर्व मंत्री निदो पवित्रा, महामंडलेश्वर भैयादास, महंत रामेश्वर दास, अपर जिलाधिकारी सतीश कुमार त्रिपाठी, एसपी सीबीसीआईडी, समीर सौरभ, एसपी सुरक्षा रोहित मिश्रा, सीओ गोवर्धन रविकांत पाराशर, सीओ जन्मभूमि जितेन्द्र कुमार, तहसीलदार, पवन प्रकास पाठक, नायब तहसीलदार विजय श्याम दुबे, arto भरतपुर नीतू शर्मा, सर गंगाराम हास्पिटल दिल्ली की प्रशासक अंजना दीक्षित मिश्रा, वरिष्ठ नेता राजू द्विवेदी, गोविन्द शरण पांडेय, गणेश पहलवान, सुरेश जाठ, बिहारी ठाकुर, मास्टर भगतसिंह, जंगी ब्रम्हाचारी समेत भारी संख्या में प्रशासन और पुलिस के लोग एवं भक्त गण उपस्थित थे।



