ऑनलाइन बनेगा किसान क्रेडिट कार्ड

किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर जाकर बनवाएं केसीसी
जांच व अभिलेखों से मिलान के बाद स्वीकृत होगा आवेदन
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं होगा। अब ऑनलाइन आवेदन करके भी वे अपना किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवा सकेंगे। इसके लिए उनको कृषि विभाग के पोर्टल पर जारी किए गए लिंक-केसीसी के लिए आवेदन करना होगा।
केसीसी बनवाने के लिए किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल पर जारी किए गए लिंक-केसीसी के लिए आवेदन करें पर जाना होगा। लिंक को क्लिक करने पर एक पेज खुलेगा जिसमें अपना आधार नंबर भरकर खोजें का बटन दबाने पर संबंधित किसान का पीएम किसान में मौजूद डाटा दिखाई देने लगेगा। इसमें यदि किसान का मोबाइल नंबर सही है तो डाटा को सेव करके आगे बढें।
यदि मोबाइल नंबर सही नहीं है तो नया मोबाइल नंबर डालकर सबमिट करें। उसके बाद किसान द्वारा अपने खसरे में बोई गई फसल का विवरण भरने का विकल्प आएगा जिसे भरकर सबमिट करें और अपनी पासपोर्ट साइज की फोटो स्कैन करके पोर्टल पर निर्धारित बाक्स में अपलोड करके सबमिट कर दें। इस प्रकार आपका आवेदन पूरा होगा और आवेदन तहसील की लॉगिन पर दिखने लगेगा।
उप कृषि निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि पीएम किसान योजना के लिए बनाई गई तहसील लॉग इन से किसान के आवेदन विवरण को देखा जाएगा तथा राजस्व अभिलेखों से मिलान करने के बाद सही पाए जाने पर तहसील द्वारा आवेदन स्वीकृत कर दिया जाएगा। तत्पश्चात आवेदन उस बैंक शाखा के लॉग इन पर चला जाएगा जहां पर किसान को किसान सम्मान निधि योजना की रकम मिलती है। जिन किसानों के ऑनलाइन आवेदन स्वीकृत हो जाएंगे, संबंधित बैंक द्वारा 15 दिनों के भीतर किसान क्रेडिट कार्ड उनके घर पर डाक के माध्यम से भेज दिया जाएगा या कृषक को कार्यालय में बुलाकर उसे सौंपा जाएगा।




