दुष्कर्म व ब्लैकमेलिंग की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

नशीला पेय पिलाकर निर्माणाधीन मकान मकान में की हरकत
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नैनी इलाके के डांडी बाजार के समीप एक सुनसान मकान में युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। दुष्कर्म के दौरान युवती का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैक मेलिंग करने का भी आरोप है। शिकायत मिलने पर इस मामले में पुलिस युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ होगी और फिर गिरफ्तारी हो सकती है।
शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली एक युवती डांडी बाजार के समीप जमीन खरीद कर मकान बनवा रही थी। मकान अतरसुइया थाना क्षेत्र के रानी मंडी निवासी विकास खन्ना पुत्र स्वर्गीय हृदयनाथ खन्ना की देखरेख में बन रहा था। इस युवती का आरोप है कि एक दिसंबर को विकास ने उसे नशीला कोल्ड ड्रिंक पिला दिया जिससे वह नशे में होश खो बैठी। फिर उसके साथ दुष्कर्म किया, जिससे वह बेहोश हो गई थी। इस दौरान विकास ने उसका अश्लील वीडियो भी मोबाइल फोन से बना लिया था।
उसके होश में आने पर विकास ने वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए पुलिस से शिकायत न करने की चेतावनी दी थी। पुलिस युवती की तहरीर पर विकास खन्ना के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर उसे पकडऩे के लिए दबिश डाल रही। साथ ही पीडि़त युवती का मेडिकल टेस्ट भी कराया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों नैनी इलाके में ही रात में गश्त के दौरान पुलिस ने एक कार के भीतर युवती के साथ दो युवकों को पकड़ा था। ऐसी घटनाएं नैनी इलाके में लगातार हो रही हैं।




