Latest

अब आंगनबाड़ी केन्द्र में चलेंगे प्री-प्राइमरी स्कूल

कार्यकत्रियों व मुख्य सेविकाओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। आंगनबाड़ी केन्द्र अब प्री-प्राइमरी स्कूल के रूप में संचालित होंगे। इसके लिए बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं को प्रशिक्षण दिया जाने लगा है। आगनबाड़ी केंद्रों को प्ले स्कूल व नर्सरी स्कूल की तरह विकसित करने का जिक्र नई शिक्षा नीति में है। इसी दिशा में प्रदेश सरकार ने आगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना शुरू कराया है।
प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों को वर्ष 2021 से प्री स्कूल शिक्षा के रूप में संचालित करने की तैयारी में है। इसके तहत जिले में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्री स्कूल में पढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जाने लगा है। इस योजना के तहत बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मुख्य सेविकाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। चार दिवसीय प्रशिक्षण तीन दिसंबर को पूरा हो गया है। इसमें बच्चों को चित्र, कार्टून, कठपुतली के अलावा खेल-खेल में पढ़ाने का रोचक तरीका बताया जा रहा है।
सभी ब्लॉक की दो-दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व दो-दो मुख्य सेविकाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद करीब 80 प्रशिक्षक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सेविकाएं सभी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगी। ताकि अगले सत्र से सभी आंगनबाड़ी केंद्र सरकार की मंशा के अनुरूप प्राथमिक विद्यालयों से जुड़कर प्री स्कूल की शिक्षा दे सकें।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार राव ने बताया कि मास्टर ट्रेनरों के बैच को प्रशिक्षित किया जा चुका है। अब ये बैच ब्लॉकों में पहुंचकर सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिसंबर से मार्च तक प्रशिक्षण देंगे। ताकि शासन की मंशा के अनुरूप अगले सत्र से प्री-प्राइमरी की पढ़ाई शुरू कराई जा सकें।

Related Articles

Back to top button