अधिकारी व कर्मचारी करेंगे साइकिल की सवारी
बिजली विभाग ऐसे निपटाएगा उपभोक्ताओं की समस्याएं
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। पर्यावरण संरक्षण के लिए बिजली विभाग कुछ हटकर करने जा रहा है। विभागीय अधिकारी व कर्मचारी अब साइकिल चलाएंगे। साइकिल से अधिकारी कार्यालय आएंगे, जबकि कर्मचारी घूम-घूमकर उपभोक्ताओं की समस्या का निदान करेंगे। विभाग व्यवस्था को अगले सप्ताह से शुरू करने की तैयारी में है।
मुख्य अभियंता ओपी यादव ने बताया कि शासन के निर्देश पर अधिकारी से लेकर कर्मचारियों को साइकिल चलानी होगी। इसके लिए सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल का इस्तेमाल करना है। अधिकारियों को साइकिल से कार्यालय आना होगा। वहीं कर्मचारियों को अपने उपकेंद्र से करीब पांच किमी के दायरे में साइकिल से उपभोक्ताओं से संपर्क करना होगा और समस्याओं का समाधान करना होगा। विद्युत लाइन की पेट्रोलिंग भी साइकिल से करने को कहा गया है। दिसंबर के दूसरे सप्ताह से यह व्यवस्था लागू की जा सकती है। मुख्य अभियंता ने बताया कि साइकिल से ड्यूटी का मुख्य मकसद पर्यावरण संरक्षण है।

