इविवि: पीजी में 9 दिसंबर से होंगे दाखिले

भूगोल समेत चार विभागों की कटऑफ मेरिट जारी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में परास्नातक में 9 दिसंबर से प्रवेश होंगे। इसके लिए भूगोल समेत चार विभागों की कटऑफ मेरिट जारी हो गई है। शनिवार को शिक्षाशास्त्र विभाग की प्रवेश चेयरमैन डॉ. आकांक्षा सिंह की ओर से कटऑफ जारी कर दिया गया गया है। 9 दिसंबर को सामान्य वर्ग में 158 या इससे अधिक अंक, ओबीसी में 142 या इससे अधिक अंक, एससी में 130 या इससे अधिक और ईडब्ल्यूएस में 142 या इससे अधिक अंक एवं एसटी के सभी अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। अभ्यर्थियों को सुबह 10.30 बजे विभाग में रिपोर्ट करना होगा।
स्टैटिक्स विभाग के प्रवेश चेयरमैन डॉ. पीएस पुंदिर के अनुसार 9 दिसंबर को एमए-एमएससी प्रथम सेमेस्टर में सामान्य वर्ग में 160 या इससे अधिक, ओबीसी में 129 इससे अधिक, ईडब्ल्यूएस में 140 या इससे अधिक अंक पाने वालों को बुलाया गया है। इसी दिन एससी-एसटी के सभी अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
मनोविज्ञान विभाग प्रवेश की चेयरमैन डॉ. शांति सुमन के अनुसार एमए-एमएससी प्रथम सेमेस्टर में सामान्य वर्ग में 196 या इससे अधिक अंक, ओबीसी में 160या इससे अधिक, एससी में 134 या इससे अधिक अंक और ईडब्ल्यूएस में 146 या अधिक अंक पाने वाले तथा एसटी के सभी अभ्यर्थियों को 10 अगस्त को बुलाया गया है। भूगोल विभाग के प्रवेश चेयरमैन प्रो. एआर सिद्दीकी ने बताया कि एमए-एमएससी प्रथम सेमेस्टर में सभी श्रेणी में 204 या इससे अधिक अंक पाने वालों को 11 दिसंबर को सुबह 10 बजे बुलाया गया है।
बीए में 369 ने जमा की फीस
प्रयागराज। प्रवेश प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ. शैलेंद्र राय ने बताया कि बीए में प्रवेश के लिए शनिवार को 255, बीएससी मैथ में 72, बीएससी बॉयो में 47 ने दस्तावेज अपलोड किए। जबकि शनिवार को ही बीए में प्रवेश के लिए 369 ने ऑनलाइन फीस जमा की। बीएएलएलबी में प्रवेश के लिए 30 और एलएलएम में प्रवेश के लिए 20 ने दस्तावेज अपलोड किए हैं।


